बहराइच हिंसा मामला: 26 और आरोपी गिरफ्तार, अब तक कुल 87 पकड़े गए.... मुख्य आरोपी अब्दुल हमीद सहित 23 लोगों के घरों पर नोटिस चस्पा

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2024 - 08:31 AM (IST)

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले की महाराजगंज सांप्रदायिक हिंसा मामले में पुलिस ने शुक्रवार को 26 और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार की गिरफ्तारियों को मिलाकर अब तक दोनों समुदायों के कुल 87 लोग गिरफ्तार हुए हैं। इससे पूर्व गुरुवार रात तक पुलिस ने राम गोपाल मिश्रा हत्याकांड के 6 अभियुक्तों सहित कुल 61 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें गुरुवार को पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए सरफराज व तालिम भी शामिल हैं।

PunjabKesari

मकानों पर ध्वस्तीकरण नोटिस चस्पा होने से बुलडोजर कार्रवाई की आशंका में लोग सहमे
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को जिले की सभी मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। जिले के सभी बाजारों में शाम को चहल पहल व आवागमन शुरू हो गया है। बहराइच शहर में कुछ धार्मिक जुलूस भी निकले हैं, जिससे अमन चैन कायम होने की पुष्टि होती दिख रही है। हलांकि तनाव का सबब बने महाराजगंज बाजार में अब भी रौनक वापस नहीं लौटी है। यहां मकानों पर ध्वस्तीकरण नोटिस चस्पा होने से बुलडोजर कार्रवाई की आशंका में लोग सहमे हुए हैं।

PunjabKesari

जानिए, क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर को मां दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन जुलूस में डीजे पर गाना बजाने को लेकर महाराजगंज कस्बे में हुए विवाद के बाद फैली हिंसा में 22 वर्षीय युवक रामगोपाल मिश्र की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए। इसके बाद बेकाबू भीड़ ने सोमवार तक खूब उत्पात मचाया, घर, दुकानें अस्पताल, बाइकें व कारें फूकीं गईं। पुलिस के अनुसार 13 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक 6 नामजद सहित करीब 1000 अज्ञात लोगों के खिलाफ कुल 11 मुकदमे दर्ज हुए थे। इन्हीं मुकदमों व शांति भंग की आशंका में उक्त गिरफ्तारियां हुई हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static