टॉर्च के सहारे सड़क पर दौड़ती रही यात्रियों से भरी बस, बाल-बाल बचे राहगीर... Viral Video के बाद मचा हड़कंप

punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 07:07 AM (IST)

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां सड़क पर यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस बिना हेडलाइट जलाए, सिर्फ टॉर्च की हल्की रोशनी के सहारे दौड़ती दिखी। बांदा से बबेरू मार्ग पर हुई इस घटना का किसी राहगीर ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। रात के अंधेरे में बस चालक की इस भयानक लापरवाही को देखकर सड़क पर चल रहे लोग दंग रह गए।

अचानक सामने आई बस, मची अफरा-तफरी
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बस चालक बेधड़क होकर टॉर्च की रोशनी के दम पर यात्रियों की जान जोखिम में डालकर गाड़ी चला रहा है। स्थानीय लोगों की मानें तो जिस वक्त यह वाकया हुआ, बस में सवारियां भरी हुई थीं। सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालक और पैदल राहगीर अचानक सामने से आती इस अदृश्य बस को देखकर सहम गए और हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बचे।

परिवहन विभाग पर उंगली, खानापूर्ति का आरोप
इस घटना ने जिले में परिवहन विभाग की चेकिंग व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि परिवहन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी दफ्तरों में बैठकर कागजी अभियान चला रहे हैं। जिले में दर्जनों प्राइवेट बसें बिना फिटनेस प्रमाण पत्र और बिना वैध परमिट के बेखौफ सड़कों पर दौड़ रही हैं, लेकिन अधिकारी सिर्फ खानापूर्ति कर आलाधिकारियों को गुमराह करने में जुटे हैं।

SP पलाश बंसल का एक्शन, ट्रैफिक पुलिस को जांच के निर्देश
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तूल पकड़ते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। बांदा के एसपी पलाश बंसल के मीडिया सेल की ओर से जानकारी दी गई है कि इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस को वायरल वीडियो के आधार पर बस की पहचान करने और चालक व संचालक के खिलाफ ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और यात्रियों की जान खतरे में डालने की धाराओं में कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static