''2027 में होगा BJP का सफाया, यह तो ठगों की पार्टी है'', Akhilesh Yadav का बड़ा हमला... राम मंदिर चोरी मामले पर भी घेरा

punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 09:56 AM (IST)

Lucknow News: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए उसे ठगों की पार्टी करार दिया और दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा का सफाया कर देगी। पार्टी की ओर से जारी बयान में यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई, भ्रष्टाचार, अपराध, अन्याय और लूट चरम पर है। उन्होंने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और आभूषणों के गबन के मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आस्था के साथ छल है और इस पर भाजपा नेतृत्व को शर्म आनी चाहिए। 

ये भी पढ़ें:- राम मंदिर के चढ़ावे की चोरी में बड़ा खुलासा: शेयर बाजार और ब्याज पर लगाया पैसा, 2 आरोपियों की पुलिस रिमांड मंजूर

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है, विदेशी कर्ज बढ़ रहा है और भ्रष्टाचार हर स्तर पर व्याप्त है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है तथा खाद, बीज, बिजली और डीजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फर्जी मुठभेड़ की घटनाएं हो रही हैं और पुलिस हिरासत में मौत के मामलों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का 'जीरो टॉलरेंस' का दावा पूरी तरह विफल साबित हुआ है।

ये भी पढ़ें:- KGMU हॉस्टल में नॉनवेज पर रोक! राज्यपाल की टोक के बाद एक्शन, भड़के डॉक्टर ने पूछा– 'क्या मरीजों को अंडा देना भी बंद कर दें?'

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने भाजपा पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातन की बात करने वाली भाजपा ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भी अपमान कर रही है, जिससे साधु-संतों में नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की योजनाएं बदहाल हैं तथा छात्र, किसान, व्यापारी, मजदूर और युवा सभी परेशान हैं। यादव ने कहा कि संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण खतरे में हैं तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर इन्हें बचाने का काम करेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static