काशी में टला बड़ा हादसा: एक गलती से गंगा में समा रही थीं 3 जानें, आंध्र के पर्यटकों के लिए देवदूत बने घाट के नाविक
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 09:08 AM (IST)
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में रविवार को भेलूपुर थाना क्षेत्र के शिवाला घाट पर एक बड़ा हादसा टल गया। आंध्र प्रदेश से घूमने आए पर्यटकों का एक दल गंगा में स्नान कर रहा था। अचानक तीन लोग गहरे पानी में डूबने लगे। तभी तीन नाविकों ने देवदूत बनकर गंगा में छलांग लगाई और डूब रहे तीनों पर्यटकों को बचा लिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आंध्र प्रदेश से लगभग 15 पर्यटक काशी दर्शन व पूजन के लिए आए हुए थे। डूबने वाले पर्यटकों की पहचान एस.वी. पांडा, चिन्नी और अनुषा के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पर्यटकों का समूह गंगा स्नान कर रहा था। तभी एक महिला गहरे पानी में डूबने लगी और उसके बाद एक-एक कर तीन लोग डूबने लगे।
बताया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने उन्हें पहले ही चेतावनी दी थी कि आगे पानी गहरा है, इसलिए किनारे पर ही स्नान करके बाहर आ जाएं, लेकिन इन पर्यटकों ने स्थानीय लोगों की सलाह पर ध्यान नहीं दिया। नाविकों द्वारा तीनों पर्यटकों को समय रहते बचाए जाने की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है। गंगा घाटों पर स्नानार्थियों को पुलिस द्वारा लगातार जागरूक किया जाता है, फिर भी कई लोग सलाह नहीं मानते, जिसके कारण अक्सर ऐसे हादसे होते रहते हैं।

