लुटेरी दुल्हन का कांड: 1 लाख देकर रचाई थी शादी, 24 घंटे में जेवर-कैश लेकर हुई रफूचक्कर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 11:48 AM (IST)

Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से लुटेरी दुल्हन की एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। सिंभावली थाना क्षेत्र के लिसड़ी गांव में एक नवविवाहिता शादी के महज 24 घंटे के भीतर ही घर का सारा कीमती सामान समेटकर फरार हो गई। पीड़ित दूल्हा रामपुर के एक मंदिर के पंडित के झांसे में आकर शादी के बंधन में बंधा था, लेकिन शादी की अगली ही रात दुल्हन सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर नौ दो ग्यारह हो गई। फिलहाल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित विनोद के अनुसार, करीब 2-3 महीने पहले उसकी मुलाकात रामपुर स्थित एक मंदिर के पंडितजी से हुई थी। पंडितजी ने ही शादी का रिश्ता तय कराया था। इसके बदले में लड़की की मां को 1 लाख रुपए नगद दिए गए थे। रिश्ते की बात पक्की होने के बाद रामपुर के मंदिर में ही शादी की रस्में संपन्न हुईं। शादी के बाद विनोद अपनी नई-नवेली दुल्हन को खुशी-खुशी अपने गांव लिसड़ी ले आया।

ये भी पढ़ें:- बीच सड़क आग का गोला बनी चलती कार, Noida में चालक ने यूं बचाई जान... मची अफरा-तफरी

शादी के बाद नवविवाहिता ससुराल में केवल एक दिन और एक रात ही रुकी। दूसरी रात जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे, तब दुल्हन ने मौका ताड़ा और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और कैश समेटकर दबे पांव निकल गई। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घर से दुल्हन और सारा कीमती सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों ने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जब इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो उसमें लुटेरी दुल्हन रात के अंधेरे में तेज कदमों से भागती हुई साफ नजर आई।

बताया जा रहा है कि ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित विनोद ने सिंभावली थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और शादी कराने वाले पंडित व बिचौलियों के नेटवर्क को खंगाल रही है ताकि इस गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static