कोहरे में दिल दहला देने वाला हादसा! बुलंदशहर में कार नहर में गिरी, परिवार बाल-बाल बचा; ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू

punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:56 PM (IST)

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में नोएडा के इंजीनियर युवराज मेहता हादसे जैसी घटना सामने आई। जनपद बुलंदशहर से दिल्ली लौट रहे एक परिवार की कार घने कोहरे के कारण सड़क किनारे बने रजवाहे नहर में जा गिरी। हादसा थाना पहासू क्षेत्र के सोमना रोड स्थित कसूमी गांव के पास हुआ।

हादसे का पूरा विवरण
जानकारी के अनुसार, कार में पति-पत्नी और उनके बच्चे सवार थे। घने कोहरे की वजह से सड़क पर विजिबिलिटी बेहद कम थी, जिससे चालक को आगे का रास्ता साफ नहीं दिखाई दिया और कार संतुलन खोकर नहर में जा गिरी। हादसे के समय मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत मदद की और नहर में गिरी कार से घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना मिलने पर थाना पहासू की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया।

ग्रामीणों का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई सड़क हादसे हो चुके हैं। उनका आरोप है कि सड़क किनारे सुरक्षा इंतजामों की कमी और पीडब्ल्यूडी विभाग की लापरवाही हादसों की वजह बन रही है। हादसे के बाद कार को नहर से निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक इस जगह कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पुलिस की कार्रवाई
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों की पड़ताल कर रही है। प्रारंभिक जांच में धुंध और सड़क पर कम विजिबिलिटी को हादसे की मुख्य वजह बताया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static