मिशन 2027 के लिए योगी कैबिनेट का फाइनल विस्तार: आज शाम शपथ लेंगे 6 नए मंत्री, लिस्ट तैयार
punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 02:49 PM (IST)
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज किया जाएगा। शपथ ग्रहण समारोह अपराह्न 3:30 बजे आयोजित होगा जिसमें 6 नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। इससे पहले बीते शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल से मुलाकात कर संभावित मंत्रियों की सूची सौंपी थी। यह मंत्रिमंडल विस्तार योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कार्यकाल का अंतिम मंत्रिमंडल विस्तार माना जा रहा है, क्योंकि अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में जुटी है।
सूत्रों के मुताबिक इस बार के विस्तार में अवध और पश्चिमी उत्तर प्रदेश को ज्यादा प्रतिनिधित्व मिल सकता है। माना जा रहा है कि पूर्वांचल पहले से ही मजबूत प्रतिनिधित्व वाला क्षेत्र है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी से सांसद हैं, जबकि मुख्यमंत्री आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पूर्वांचल से आते हैं। संभावित नामों में सबसे प्रमुख नाम पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी का बताया जा रहा है। वह पहले योगी सरकार में मंत्री रह चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने मंत्री पद छोड़ दिया था। वर्तमान में वह विधान परिषद सदस्य हैं और उनका कार्यकाल 2028 तक है। इसके अलावा समाजवादी पार्टी से बगावत कर भाजपा के करीब आए मनोज पांडेय और पूजा पाल के नाम भी चर्चा में हैं। संभावित दावेदारों में कृष्णा पासवान, सुरेंद्र दिलेर, अशोक कटारिया, कैलाश राजपूत और हंसराज विश्वकर्मा के नाम भी शामिल बताए जा रहे हैं। दरअसल भाजपा आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जातीय समीकरण, क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और संगठनात्मक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार राज्य में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। वर्तमान में योगी सरकार में 54 मंत्री हैं, ऐसे में खाली पड़ी 6 सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया जाएगा।

