कैबिनेट मंत्री का गनर गिरफ्तार, झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप

punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 05:58 PM (IST)

 वाराणसी: जिले की पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक महिला का चार साल तक शारीरिक शोषण करने और गर्भपात कराने के आरोप में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के गनर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया।

 सारनाथ थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि थाना क्षेत्र की निवासी एक युवती ने मिर्जापुर के रहने वाले सिपाही और प्रदेश के पंचायती राज एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और गर्भपात कराये जाने का आरोप लगाया है।

 त्रिपाठी के अनुसार, युवती ने तहरीर में कहा है कि सारनाथ के बेनीपुर में किराए पर रहने वाले राय से उसके पिछले चार साल से प्रेम संबंध थे और इसी दौरान उसने शादी का झांसा देकर उससे शारीरिक संबंध बनाए। त्रिपाठी के मुताबिक, युवती का कहना है कि वह दो साल पहले राय के साथ रहने लगी और इस दौरान वह दो बार गर्भवती भी हुई लेकिन दोनों बार सिपाही ने उसका गर्भपात करा दिया। 

थानाध्यक्ष ने बताया कि युवती का आरोप है कि इसी बीच प्रशांत ने अप्रैल माह में गुपचुप तरीके से किसी अन्य महिला से शादी कर ली। त्रिपाठी ने बताया कि आरोपी सिपाही प्रशांत राय गाजीपुर में तैनात है और दो साल से कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर की सुरक्षा ड्यूटी पर है। उन्होंने बताया कि राय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static