''मुझे  दुआओं की जरुरत है..." इस मशहूर शख्सियत को हुआ ब्रेस्ट कैंसर, अस्पताल से शेयर की तस्वीर

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 02:39 PM (IST)

UP Desk : देश की मशहूर शेफ, टीवी होस्ट और ‘MasterChef India’ की पहली विजेता पंकज भदौरिया ने अपनी सेहत को लेकर एक भावुक खुलासा किया है। पंकज ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है और वह फिलहाल इलाज से गुजर रही हैं। इस खबर के सामने आते ही उनके प्रशंसकों और शुभचिंतकों के बीच चिंता की लहर दौड़ गई है।

सोशल मीडिया पर किया पोस्ट- मुझे दुआओं की जरुरत...
पंकज भदौरिया ने 28 मई को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अस्पताल से एक तस्वीर साझा की। तस्वीर में वह अस्पताल के बिस्तर पर नजर आ रही हैं और उनके शरीर से मेडिकल उपकरण जुड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा कि उन्हें ब्रेस्ट कैंसर का पता चला है और इस कठिन समय में उन्हें सभी की दुआओं और समर्थन की जरूरत है।

इसके अलावा उन्होंने अस्पताल से कुछ वीडियो भी साझा किए, जिनमें उनके विभिन्न मेडिकल टेस्ट होते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में उनके हाथ में कैनुला लगा नजर आया, जबकि दूसरे वीडियो में उन्होंने अपनी मौजूदा स्थिति के बारे में बात करते हुए कहा कि वह अपने चाहने वालों को खुद अपनी बीमारी के बारे में बताना चाहती थीं क्योंकि वह उन्हें अपने परिवार का हिस्सा मानती हैं।

'लोगों का प्यार और समर्थन देगा ताकत'
पंकज ने अपने संदेश में कहा कि इस समय उन्हें लोगों की सकारात्मक ऊर्जा, दुआओं और हौसले की आवश्यकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लोगों का प्यार और समर्थन उन्हें इस चुनौतीपूर्ण दौर से उबरने की ताकत देगा।

‘MasterChef India’ की पहली विजेता थीं पंकज
पंकज भदौरिया को वर्ष 2010 में ‘MasterChef India’ का पहला सीजन जीतने के बाद राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। वह इस प्रतिष्ठित कुकिंग रियलिटी शो की पहली विजेता बनी थीं और इसके बाद उन्होंने भारतीय पाक कला की दुनिया में अपनी अलग पहचान स्थापित की।

MasterChef से पहले टीचर थीं भदौरिया 
खाना बनाने की दुनिया में कदम रखने से पहले पंकज एक अंग्रेजी शिक्षिका थीं। बताया जाता है कि उन्होंने करीब 16 वर्षों की शिक्षण सेवा छोड़कर अपने कुकिंग के जुनून को करियर बनाने का फैसला किया था। यह निर्णय उनके जीवन का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ।

‘MasterChef India’ जीतने के बाद उन्होंने कई लोकप्रिय कुकिंग और फूड आधारित कार्यक्रमों की मेजबानी की। इनमें ‘Chef Pankaj Ka Zayka’, ‘Kifayati Kitchen’, ‘3 Course with Pankaj’ और ‘Rasoi Se – Pankaj Bhadouria Ke Saath’ जैसे शो शामिल हैं।

भदौरिया यूट्यूब पर देती हैं किचन टिप्स 
टेलीविजन के साथ-साथ पंकज भदौरिया ने डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर भी मजबूत पहचान बनाई है। उनके यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लाखों लोग जुड़े हुए हैं, जहां वह नियमित रूप से रेसिपी, किचन टिप्स और फूड से जुड़ी जानकारी साझा करती हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static