गोरखपुर में टू-लेन ब्रिज का उद्घाटन, सीएम Yogi Adityanath ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 05:30 PM (IST)
गोरखपुर: जनपद के तारामंडल क्षेत्र में निर्मित टू-लेन ब्रिज के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने विकास और सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर की पहचान अलग थी, जहां सुरक्षा का अभाव था और लोग माफिया व मच्छरों से परेशान रहते थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर का नाम सुनकर लोग डरते थे, निवेश करने से कतराते थे और यहां के युवाओं को नौकरी के लिए बाहर भटकना पड़ता था। उन्होंने कहा कि आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है—अब न युवाओं को अपनी पहचान छिपानी पड़ती है और न ही रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है।
सीएम ने बताया कि गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के माध्यम से 50 हजार से अधिक युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश में जारी विकास कार्यों और निवेश को लेकर भी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि गोरखपुर अब तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

