काकोरी ट्रेन एक्शन डे: CM Yogi आज निकालेंगे तिरंगा यात्रा, सिद्धार्थनगर को देंगे ₹311 करोड़ की सौगात

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 09:47 AM (IST)

Lucknow News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को काकोरी ट्रेन एक्शन-डे पर तिरंगा यात्रा में शामिल होकर प्रदेशवासियों को देशभक्ति का संदेश देंगे। यह पदयात्रा राष्ट्र एवं देश के अमर शहीदों के प्रति सम्मान तथा कृतज्ञता ज्ञापित करने का प्रतीक होगी। इससे पहले मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी प्रदेशवासियों को संबोधित भी करेंगे। पदयात्रा मुख्यमंत्री आवास से शुरू होकर सिविल अस्पताल, अटल चौक होते हुए विधानभवन के सामने संपन्न होगी।

इस दौरान केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता, एनसीसी कैडेट, एनएसएस के सदस्य, स्काउट गाइड के स्वयंसेवक और युवक मंगल दल समेत भारी संख्या में लोग शामिल होंगे।

ये भी पढ़ें:- 'कांवड़ियों पर योगी ने बरसाए फूल...' मेरठ पहुंचे CM बोले- 4.5 करोड़ शिवभक्तों के स्वागत में आसमान से होगी पुष्पवर्षा

तिरंगा पदयात्रा के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अमर शहीद स्वतंत्रता सेनानियों पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान व राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी को श्रद्धासुमन अर्पित करने काकोरी शहीद स्मारक जाएंगे। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 9 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन दिवस तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रम पूरे सम्मान, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के भाव के साथ आयोजित किए जाने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में 9 से 15 अगस्त तक प्रदेशभर में स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े सभी स्मारकों, स्मृति स्थलों और शहीद स्थलों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री रविवार दोपहर बाद जनपद सिद्धार्थनगर का दौरा कर दो विधानसभा क्षेत्रों के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। गौतम बुद्ध की नगरी सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज एवं बांसी विधानसभा क्षेत्रों के लिए मुख्यमंत्री 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एंव शिलान्यास करेंगे। इनमें डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र की 63 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण और 57 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा बांसी विधानसभा क्षेत्र की 64 करोड़ रुपये से अधिक लागत 24 परियोजनाओं का लोकार्पण और 127 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 41 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी सौपेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static