''राष्ट्रवाद ही BJP के कार्यकर्ताओं का मूल संस्कार'', गोरखपुर में सीएम योगी ने दिया मंत्र, कहा- कार्यकर्ता भी बन सकता PM, CM
punjabkesari.in Sunday, May 17, 2026 - 04:03 PM (IST)
गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि राष्ट्रवाद के भाव से आचरण ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता की पहचान है। श्री योगी रविवार को गोरखपुर के सहजनवा विधानसभा क्षेत्र स्थित तेनुआ टोल प्लाजा के समीप एक रिजॉटर् में भाजपा के जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता पार्टी के संस्थापकों के मूल्यों और आदर्शों पर चलते हुए देश की एकता और अखंडता के लिए शुचिता और पारदर्शिता से आचरण और तदनुरूप कार्य करता है।
उन्होंने कहा कि समाज कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद), तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), डीएमके या ऐसे ही भ्रष्टाचार में डूबे अन्य दलों के आचरण को सम्मान नहीं देता है, भाजपा कार्यकर्ता को समाज में सम्मान इसलिए मिलता है कि इस पार्टी कार्यकर्ता के आचरण में राष्ट्रवाद और भारतीयता का आचरण मिलता। मुख्यमंत्री ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान 2026 के अंतर्गत पार्टी की जिला इकाई की तरफ से आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में शामिल प्रतिभागियों को‘राष्ट्र प्रथम'के भाव से अनवरत आगे बढ़ते रहने को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, संस्कृति, सुशासन और समृद्धि को जोड़ने का काम करने वाली भाजपा इकलौती पार्टी है। केंद्र और भाजपा की राज्य सरकारों ने इसी को अपने कार्यक्रमों का आधार बनाया है। उन्होंने भाजपा का इतिहास और विकास'विषय पर केंद्रित जिला प्रशिक्षण वर्ग के उद्घाटन सत्र में कहा कि स्थापना के 50 वर्ष से भी कम समय में भाजपा ने दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में केंद्र और देश के 22 राज्यों में राष्ट्रवाद की विचारधारा को लागू करने के अभियान को आगे बढ़ाया है। भाजपा देश ही नहीं दुनिया का एकमात्र राजनीतिक दल है जिसने हमेशा और मजबूती से यह घोषणा की है कि राष्ट्र प्रथम, दल द्वितीय और व्यक्ति का हित अंतिम होना चाहिए।

