महिला आरक्षण बिल को लेकर ‘INDIA’ गठबंधन पर जम कर बरसे सीएम Yogi, कहा- नहीं सुधरेंगे तो आपका...

punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 04:14 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के एक दिवसीय विशेष सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को नारी सशक्तीकरण पर एक प्रस्ताव रखते हुए विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में महिला अधिकारों का समर्थन करता है तो वह 17 अप्रैल को लोकसभा में नारी शक्ति वंदन (संशोधन) विधेयक को पारित नहीं होने देने को लेकर 'इंडिया' गठबंधन की निंदा करे। 

महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान 
लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान करने वाले संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं होने पर, आदित्यनाथ ने कांग्रेस और सपा के अलावा तृणमूल कांग्रेस, द्रमुक समेत अन्य विपक्षी दलों की भी आलोचना की। उक्त विधेयक की पृष्ठभूमि में ''नारी सशक्तीकरण'' विषय पर उप्र विधानसभा एक दिवसीय विशेष सत्र बुलाया गया है। 

सपा-कांग्रेस महिला विरोधी
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को महिला विरोधी करार देते हुए कहा, ''पहले उप्र में नारा चला था कि 'देख सपाई, बिटिया घबराई।' लेकिन पिछले नौ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी की प्रेरणा से राज्य महिला सशक्तीकरण की दिशा में अनेक महत्‍वपूर्ण कदम उठाये गए हैं।'' उन्‍होंने यह भी उल्लेख किया कि पहले सरकारी नौकरियों में महिलाओं की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत थी, जो नौ वर्षों में बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है।

उप्र में कांग्रेस बंजर हो गई 
मुख्यमंत्री ने जेल में बंद पूर्व मंत्री आजम खान, पूर्व सांसद एसटी हसन और महाराष्‍ट्र के सपा नेता अबू आजमी के महिला विरोधी बयानों का जिक्र करते हुए कहा, ''काले कर्मों से जो राजमहल बनाते हैं, इतिहास में वही कलंक बन जाते हैं।'' आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, ''आप महिलाओं के शाप से शापित हैं। 40 साल हो गये और उप्र में कांग्रेस बंजर हो गई है।'' उन्होंने शाहबानो मामले में पार्टी के रुख को लेकर उसकी आलोचना करते हुए कहा कि यदि वह मौलवियों के आगे नहीं झुकती तो कांग्रेस की यह दुर्गति नहीं होती। 

नहीं सुधरेंगे तो आपका भी यही हश्र होगा
उन्‍होंने सपा को आगाह करते हुए कहा कि अगर आप लोग नहीं सुधरेंगे तो आपका भी यही हश्र होगा। उन्होंने कहा, ''आप देश को कठमुल्लापन की ओर ले जाना चाहते हैं।'' आदित्यनाथ ने राज्य में वर्ष 1995 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्‍यक्ष मायावती से जुड़े गेस्‍ट हाउस कांड और वर्ष 2005 में विधायक पूजा पाल के पति राजू पाल की हुई हत्या का मामला भी उठाया। उन्‍होंने सपा पर प्रहार करते हुए कहा, ''आप लोग माफिया के आगे नाक रगड़ते थे। पूजा पाल के आंसुओं को पोछ नहीं पाये।'' आदित्यनाथ ने सदन से महिला स्वावलंबन और सशक्तीकरण में बाधक लोगों को चिह्नित करने का आह्वान किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static