VIP बिल्डिंग में चल रहा था साइबर ठगी का धंधा, 119 गिरफ्तारियां देख भड़के अखिलेश—BJP सरकार से पूछा ये तीखा सवाल

punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 07:44 AM (IST)

Lucknow News: लखनऊ पुलिस द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह से जुड़े फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करके 119 लोगों को गिरफ्तार किए जाने के बाद समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (BJP) नीत सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर राज्य में साइबर अपराध को रोकने में नाकाम होने का आरोप लगाया।

विदेशी ठगी गैंग के 119 सदस्य गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए सपा प्रमुख के दावों को गलत बताया। लखनऊ पुलिस ने बुधवार रात विभूति खंड थाना क्षेत्र में चर्चित समिट बिल्डिंग में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेंद्र कुमार सेंगर ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह संचालित करने के आरोप में 119 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि यह गिरोह मुख्य रूप से विदेशी नागरिकों और खासकर अमेरिका के निवासियों को निशाना बनाता था।

'UP में साइबर क्राइम नंबर 1, बंद किए राम मंदिर के CCTV'
सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी राज्य मुख्यालय पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस सिलसिले में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए तंज किया कि राज्य की राजधानी में ऐसी गतिविधियों का पता लगाने में सरकार को 10 साल कैसे लग गए? उन्होंने यह भी कहा कि अगर ठीक से जांच की जाए तो ऐसे कई और मामले भी पकड़े जाएंगे। यादव ने अयोध्या में राम मंदिर में दिए गए दान में कथित हेरा फेरी के मामले का भी जिक्र करते हुए दावा किया कि घटना को छुपाने के लिए मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए और उनकी फुटेज भी डिलीट कर दी गई। पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश साइबर अपराध के मामले में देश में अव्वल है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई ऐसे मामले तो दर्ज भी नहीं किए जाते।

मंत्री असीम अरुण का पलटवार: 'NCRB रिपोर्ट पढ़ते तो ऐसा न बोलते अखिलेश'
उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि सपा प्रमुख का दावा उपलब्ध आंकड़ों से बिल्कुल उलट है। अरुण ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि अखिलेश यादव ने अगर कभी राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो की रिपोर्ट पढ़ी होती तो वह ऐसा बयान नहीं देते। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की रिपोर्ट से पता चलता है कि देश भर में साइबर अपराध के सबसे ज्यादा मामले तेलंगाना में दर्ज किए गए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static