Iran-Israel युद्ध का असर: अगर आपके घर भी है शादी, तो पहले पढ़ लें Hapur जिले की ये खबर
punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 09:03 AM (IST)
Hapur News: ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव का असर अब उत्तर प्रदेश के आम घरों के चूल्हों तक पहुंच गया है। वैश्विक स्तर पर एलपीजी (LPG) गैस की आपूर्ति प्रभावित होने के कारण हापुड़ जिले में भारी किल्लत देखी जा रही है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में एक परिवार को अपनी बेटी की शादी की तारीख सिर्फ इसलिए आगे बढ़ानी पड़ी क्योंकि मेहमानों का खाना बनाने के लिए गैस सिलेंडर नहीं मिल सका।
25 मार्च को आनी थी बारात, घर में पसरा सन्नाटा
बदनौली निवासी शिवानी की शादी 25 मार्च को तय थी। घर में खुशियों का माहौल था और तैयारियां पूरी हो चुकी थीं, लेकिन ऐन वक्त पर गैस सिलेंडर की कमी ने सब कुछ बिगाड़ दिया। परिवार का आरोप है कि उन्होंने गैस एजेंसी के चक्कर काटे, लंबी लाइनों में लगे, लेकिन उन्हें सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया गया। थक-हारकर परिवार को बारात रोकने और शादी टालने का कड़वा फैसला लेना पड़ा।
अधिकारी के सामने जोड़े हाथ, मिला आश्वासन
बेटी की शादी रुकने से परेशान परिजन जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) के दफ्तर पहुंचे। आंखों में आंसू लिए पिता ने हाथ जोड़कर गुहार लगाई कि उन्हें गैस दिला दी जाए ताकि रुकी हुई शहनाइयां फिर से बज सकें। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने परिवार को भरोसा दिलाया है कि शादी वाले घरों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर दिए जाएंगे और जल्द ही शिवानी की शादी की रस्में पूरी कराई जाएंगी।
कालाबाजारी पर योगी सरकार सख्त
प्रदेश में गैस की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। शासन के निर्देश पर अब तक पूरे प्रदेश में 12 हजार से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है और 16 लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। सरकार का स्पष्ट निर्देश है कि संकट के समय में आम जनता को परेशान करने वाले बिचौलियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।

