जेल से बाहर आते ही आजम खां पर ED का शिकंजा, रिहाई के तुरंत बाद गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Oct 31, 2026 - 08:16 PM (IST)
रामपुर: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जेल से 'रिहाई' के आदेश के बाद उन्हें ED ने हिरासत में लिया है। इस दौरान ईडी के अधिकारी और CRPF के जवान मौके पर मौजूद रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक उन्हें पीएमएलए के तहत गिरफ्तार कर सकती है।
आप को बता दें कि 13 अक्टूबर को, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में रामपुर जेल में खान से पूछताछ की थी। यह जांच निजी ठेकेदारों के जरिए सरकारी अनुबंध के फंड को कथित तौर पर दूसरी जगह लगाने और फिर उसका इस्तेमाल ट्रस्ट तथा यूनिवर्सिटी से जुड़ी संपत्तियां बनाने में किए जाने से संबंधित है।
#WATCH उत्तर प्रदेश | रामपुर जेल से रिहा होने के बाद, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है, जिसकी जांच अभी चल रही है। अधिकारियों के अनुसार, उन्हें कल गाजियाबाद की एक विशेष PMLA अदालत में पेश किया जाएगा।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 31, 2026
गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान सरकारी अधिकारियों के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में रामपुर सदर से 10 बार विधायक रहे और पूर्व कैबिनेट मंत्री आज़म खान जालसाजी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद, वे पिछले साल नवंबर से रामपुर जिला जेल में बंद हैं। हालांकि कोर्ट ने पैन कार्ड बनवाने के मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय की ओर से आजम और अब्दुल्ला को मिली सात-सात साल की सजा निलंबित कर दी है। सांसद/विधायक अदालतों ने दोनों की रिहाई के आदेश जारी कर दिये हैं, लेकिन प्रवर्तन निदेशालय ने मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी मामले में उन्हें आज हिरासत में लिया है।

