''टिकट तो मैं ही बांटूंगी...'' आकाश आनंद को लेकर चल रही चर्चाओं पर Mayawati ने तोड़ी चुप्पी, 6 पॉइंट्स में दिया करारा जवाब

punjabkesari.in Friday, Jul 31, 2026 - 05:54 PM (IST)

UP Politics News: बहुजन समाज पार्टी अध्यक्ष मायावती ने पार्टी के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को खारिज करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का अंतिम चयन केवल उनके द्वारा ही किया जा रहा है और इस संबंध में फैलाया जा रहा भ्रम पूरी तरह निराधार है।

 

1. जैसाकि सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा आमचुनाव अब बहुत नज़दीक आ रहा है, जिसकी तैयारी हेतु मेरे खुद के द्वारा प्रदेश की पिछली कई राज्य स्तरीय बड़ी बैठकें लखनऊ पार्टी प्रदेश कार्यालय में ली गई हैं और आगे भी ज़रूरत के अनुसार ली जायेंगी, जिसमें पार्टी के उम्मीद्वार…

— Mayawati (@Mayawati) July 31, 2026

मायावती ने 'एक्स' पर जारी 6 बिंदुओं वाले बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और उनकी अध्यक्षता में लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में कई राज्य स्तरीय बैठकें हो चुकी हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक लगभग 2 दर्जन से अधिक उम्मीदवारों का चयन किया जा चुका है तथा शेष सभी सीटों पर भी प्रत्याशियों का अंतिम निर्णय वही करेंगी। उन्होंने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के अन्य राज्यों के विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भी पार्टी उम्मीदवारों का अंतिम चयन उनके द्वारा ही किया जाता है।  बसपा प्रमुख ने स्पष्ट किया कि जिन विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवार तय हो चुके हैं, वहां उनकी अनुमति से पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी जनसभाएं आयोजित कर प्रत्याशियों की घोषणा कर रहे हैं। इसी क्रम में कुछ सीटों पर आकाश आनंद भी पार्टी की जनसभाओं में उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे।

ये भी पढ़ें:- Bhadohi का नाम बदलते ही Mayawati ने दिया बड़ा बयान, योगी सरकार को धन्यवाद... फिर अखिलेश को घेरते हुए रख दी ये मांग

मायावती ने कहा कि इससे पहले भी विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों और लोकसभा उपचुनावों में उनके निर्देश पर आकाश आनंद ने चुनावी जनसभाएं की हैं। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पिछले लगभग 1 वर्ष से उन्हें संगठन की समीक्षा बैठकों और जनसभाओं के लिए देशभर में भेजा जा रहा है तथा वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।  उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी आकाश आनंद की जनसभाएं पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया का हिस्सा हैं। इससे उनके कद को बढ़ाने या घटाने अथवा उम्मीदवारों के चयन के अधिकार से जोड़कर देखना गलत है। बसपा अध्यक्ष ने कहा कि सोशल मीडिया पर आकाश आनंद को लेकर की जा रही तरह-तरह की चर्चाओं में कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे ऐसी भ्रामक और शरारती बातों पर ध्यान न दें तथा पार्टी विरोधी तत्वों के दुष्प्रचार से सतर्क रहें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static