गौर सिटी की 21वीं मंजिल पर बंद फ्लैट में लगी आग, धुआं देखते ही सोसाइटी में मची चीख-पुकार... जानिए कैसे बची सैकड़ों जानें

punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 12:26 PM (IST)

Greater Noida: उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा पश्चिम बिसरख थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गौर सिटी की एक बहुमंजिला आवासीय सोसाइटी में रविवार को 21वीं मंजिल पर स्थित एक बंद फ्लैट की रसोई में आग लग गई। ऊंची इमारत से धुआं निकलता देख सोसाइटी के निवासियों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस को दी।

पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम एक दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाते हुए आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से यह फ्लैट के अन्य कमरों या आसपास के फ्लैटों तक नहीं फैल सकी, जिससे एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

ये भी पढ़ें:- '15 लाख दो वरना बंद कर देंगे काम...' 7.50 लाख कैश के साथ विजिलेंस के हत्थे चढ़े LDA के JE और सुपरवाइजर

प्रारंभिक जांच पड़ताल में सामने आया कि आग बंद फ्लैट की रसोई में लगी थी। घटना के समय फ्लैट में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। यही कारण रहा कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने के बाद अग्निशमन विभाग और स्थानीय पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया तथा स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक स्तर पर आग रसोई क्षेत्र तक ही सीमित रही। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गौर सिटी जैसी ऊंची आवासीय इमारतों में आग की घटनाओं को देखते हुए फायर सर्विस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।अधिकारियों ने कहा कि घर से बाहर निकलते समय बिजली के उपकरण, गैस कनेक्शन और अन्य ज्वलनशील स्रोतों की अच्छी तरह जांच कर लें। साथ ही सोसाइटी प्रबंधन को भी फायर सेफ्टी सिस्टम, स्मोक डिटेक्टर, फायर अलार्म और आपातकालीन निकासी व्यवस्था का नियमित निरीक्षण कराने की सलाह दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static