पहले सिर मुंडवाया, फिर पहनाई चप्पलों की माला.... पिता-पुत्र की करतूत का VIDEO VIRAL
punjabkesari.in Monday, Aug 10, 2026 - 01:41 PM (IST)
Unnao News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले से तालिबानी सजा और अमानवीय व्यवहार का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां आसीवन थाना क्षेत्र के पाठकपुर गांव में मोबाइल चोरी के शक में एक युवक को न सिर्फ बेरहमी से पीटा गया, बल्कि उसका सिर मुंडवाकर और गले में चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में जलील किया गया। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी पिता-पुत्र पीड़ित युवक को लखनऊ से पकड़कर गांव लाए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उन्नाव में दबंगई की हद पार!
— Abhinay Singh (@Abhinay13977976) August 10, 2026
मोबाइल चोरी के शक में पिता-पुत्र ने युवक को रस्सी से बांधकर सिर और मूंछ मुंडवा दी।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर FIR दर्ज की। pic.twitter.com/5SSiyERGKW
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विवाद की शुरुआत 30 जुलाई को हुई थी। पाठकपुर गांव निवासी राजू ने आरोप लगाया था कि गांव के ही एक युवक ने उनके बेटे राज का मोबाइल चोरी कर लिया है। मोबाइल न मिलने पर पिता-पुत्र खुद ही जांच अधिकारी बन गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। आरोपी पिता-पुत्र को खबर मिली कि युवक लखनऊ में है। दोनों लखनऊ पहुंचे, युवक को वहां से जबरन पकड़ा और 2 दिन पहले अपने साथ गांव ले आए। गांव लाने के बाद उससे चोरी के संबंध में पूछताछ की गई। जब युवक ने मोबाइल चोरी की बात से इनकार किया, तो पिता-पुत्र ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए उसके साथ बर्बरता शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें:- बेटी के प्यार में रोड़ा बना पिता, पत्नी-बेटी और प्रेमी ने पहले किया किडनैप और फिर....
आरोप है कि पिता-पुत्र ने पहले रस्सी से युवक के हाथ बांध दिए। इसके बाद उसे सरेआम अपमानित करने के लिए उसका सिर मुंडवा दिया गया और गले में चप्पलों की माला डाल दी गई। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और इंटरनेट पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही इलाके में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ लिया।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद आसीवन थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई। आसीवन थाना अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के समय मौके पर मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और युवक को लखनऊ से लाए जाने के पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें:- आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए थे महिला और मकान मालिक, फिर पत्नी ने रची ऐसी साजिश कि....
इस घटना के बाद कानून व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अगर किसी व्यक्ति पर चोरी का शक था तो उसकी शिकायत पुलिस में दी जानी चाहिए थी, लेकिन जिस तरह से युवक का अपहरण कर उसके साथ बर्बरता की गई, उसने कानून-व्यवस्था को सीधी चुनौती दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

