गाजियाबाद: 4 गोलियां लगने के बाद भी 35 KM गाड़ी चलाकर अस्पताल पहुंचा हिस्ट्रीशीटर, CCTV में कैद हुई लाइव वारदात

punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:19 PM (IST)

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले  में गुरुवार देर रात एक ऐसी वारदात हुई जिसने पुलिस और पब्लिक दोनों को हैरान कर दिया है। मोदीनगर थाना क्षेत्र के सीकरी (NH-58) स्थित एक ढाबे के बाहर अज्ञात हमलावरों ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश राहुल जाट उर्फ कालू पर जानलेवा हमला किया। गोलियों से छलनी होने के बावजूद राहुल ने जो किया, उसने सबको चौंका दिया।

ताबड़तोड़ फायरिंग और चश्मदीद CCTV
वारदात का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि राहुल जाट अपने 2 साथियों के साथ ढाबे के बाहर खड़ा था। जैसे ही वह अपनी कार की ड्राइविंग सीट पर बैठा, एक पैदल आया शूटर अचानक पास पहुंचा और शीशे के पार से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। राहुल को गर्दन, सीने, पेट और पैर में कुल 4 गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।

मौत को मात: 35 किलोमीटर का वो खूनी सफर
इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू राहुल का जज्बा रहा। शरीर में 4 गोलियां धंसी होने और लगातार खून बहने के बावजूद राहुल ने हिम्मत नहीं हारी। उसने खुद कार की स्टीयरिंग संभाली और मोदीनगर से गाजियाबाद के संजयनगर स्थित यशोदा अस्पताल तक करीब 35 किलोमीटर का सफर तय किया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया।

कौन है राहुल जाट उर्फ कालू?
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, घायल राहुल चौधरी मोदीनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उस पर पहले से ही लूट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इस हमले को पुरानी रंजिश या किसी बड़े गैंगवार से जोड़कर देख रही है।

पुलिस की कार्रवाई और रंजिश का एंगल
एसीपी भास्कर वर्मा के अनुसार, पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की कई टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में यह आपसी रंजिश का मामला लग रहा है। पुलिस का कहना है कि हमलावर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और हमले के पीछे के मास्टरमाइंड का पर्दाफाश होगा। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा और बदमाशों के बीच पनप रही गैंगवार की सुगबुगाहट को हवा दे दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static