''जियेंगे साथ, मरेंगे साथ''... पति की मौत के 30 मिनट बाद पत्नी ने भी छोड़ा संसार, एक साथ उठीं 2 अर्थियां तो रो पड़ा पूरा गांव
punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 07:18 AM (IST)
Saharanpur News: सहारनपुर जिले में एक व्यक्ति की मौत के सदमे में उसकी पत्नी ने भी आधे घंटे के भीतर दम तोड़ दिया और इस दंपति की अंतिम यात्रा देख गांव वालों की आंखे नम हो गईं। थाना गंगोह के ग्राम कोली माजरा निवासी लकी सिंह ने बताया कि उनके पिता अमर सिंह (68) गांव में ही मोबाइल फोन की एक दुकान चलाते थे। लकी ने बताया कि करीब 3 साल पहले उनकी मां परवेश कौर (64) को लकवा मार गया था।
पति की मौत के 30 मिनट बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम
उन्होंने बताया कि गुरुवार दोपहर डेढ़ बजे उनके पिता के सीने में तेज दर्द हुआ और उन्हें तुरंत नजदीक के अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौत की खबर मिलते ही परवेश कौर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और आधे घंटे के भीतर उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दंपति की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल छा गया और घर से पति-पत्नी की 2 अर्थियां निकलते देख लोगों की आंखें नम हो गईं। दंपति के परिजनों और गांव वालों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।

