PM मोदी पर टिप्पणी कर फंसीं 8 लड़कियां, माफी के बाद वापस हुई FIR, वकील बोलीं— ''जब प्रधानमंत्री ने ही माफ कर दिया तो...''

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 06:25 AM (IST)

Noida News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में शिकायतकर्ता ने 15 वर्षीय एक लड़की के खिलाफ दर्ज शिकायत वापस ले ली। शिकायतकर्ता ने कहा कि लड़की ने माफी मांग ली है और प्रधानमंत्री ने भी उसे माफ कर दिया है, इसलिए वह अब मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहती।

गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी और उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता स्मृति सिंह ने बताया कि शुरुआत में 8 लड़कियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिनमें नोएडा की रहने वाली लड़की पहली आरोपी थी। उन्होंने बताया कि नोएडा के एक्सप्रेसवे थाने में दी गई शिकायत के आधार पर 29 जुलाई को जीरो- एफआईआर दर्ज की गई थी। सिंह ने कहा कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 352 (शांति भंग के लिए उकसाने के इरादे से अपमान), 353(1) (सार्वजनिक उपद्रव को बढ़ावा देने वाले बयान) और 356(1) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ये भी पढ़ें:- UP Politics: 'मदरसे से निकलती है आतंकी सोच...', डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर मचा बवाल, शिवपाल-मदनी ने घेरा

सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा माफी की अपील किए जाने के बाद नोएडा की रहनी वाली नाबालिग सहित सभी लड़कियों ने माफी मांगते हुए वीडियो अपलोड किए। मैंने भी एक वीडियो जारी कर कहा था कि अगर लड़कियां माफी मांगती हैं तो मैं अपनी शिकायत वापस ले लूंगी। उन्होंने बताया कि बाद में अन्य लड़कियों ने भी माफी मांग ली और उन्होंने सभी 8 मामलों में अपनी शिकायतें वापस ले लीं।

सिंह ने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने उन्हें माफ कर दिया है तो मैं भी इस मामले को आगे नहीं बढ़ाना चाहती। मैंने अपने फैसले की जानकारी दिल्ली पुलिस और अपराध शाखा को दे दी है। इस बीच, 15 वर्षीय लड़की का परिवार मंगलवार को नोएडा स्थित अपने घर पर नहीं मिला। वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें परिवार को परेशान किए जाने की कोई शिकायत नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें:- 'बाहर जाओ नहीं तो सदस्यता बर्खास्त कर दूंगा...' CM Yogi की फोटो लहराने पर SP विधायक सचिन यादव पूरे सत्र के लिए निलंबित

सेक्टर-168 में मौजूद हाउसिंग सोसाइटी के सुरक्षा गार्ड और रखरखाव कर्मियों ने बताया कि वायरल वीडियो में नजर आई लड़की और उसकी मां घर पर नहीं हैं। एक सुरक्षा गार्ड ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद से ही परिवार ने लोगों से मिलना-जुलना कम कर दिया था और दिल्ली व नोएडा पुलिस के अधिकारी कुछ मौकों पर उनके घर आए थे। हालांकि, हाउसिंग सोसाइटी के कर्मियों ने कहा कि उन्हें परिवार के मौजूदा ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

परिवार के उत्पीड़न के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नोएडा के एक्सप्रेसवे पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हाउसिंग सोसाइटी के अंदर या कहीं और परिवार को परेशान किए जाने के बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है। अधिकारी ने कहा कि नोएडा पुलिस ने लड़की के खिलाफ शिकायत मिलने के दिन ही शून्य प्राथमिकी दर्ज की थी और इसे दिल्ली पुलिस को भेज दिया था, क्योंकि कथित घटना राष्ट्रीय राजधानी में हुई थी। अधिकारी ने कहा कि तब से परिवार हमारे संपर्क में नहीं है और न ही उन्होंने स्थानीय पुलिस के साथ कोई जानकारी या शिकायत साझा की है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि परिवार अस्थायी रूप से पड़ोसी राज्य हरियाणा के फरीदाबाद में चला गया हो। एक अगस्त को हुई बातचीत में लड़की की मां ने कहा था कि घटना के बाद लड़की को सार्वजनिक रूप से माफ करने के लिए वह प्रधानमंत्री की आभारी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static