राम मंदिर के लिए CEO चयन का अंतिम दौर: 5200 में से 18 दिग्गज शॉर्टलिस्ट, आज से इंटरव्यू शुरू

punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 09:07 AM (IST)

Ayodhya News: श्री राम जन्मभूमि मंदिर के प्रशासनिक कार्यों और प्रबंधन को मजबूत करने के लिए नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की चयन प्रक्रिया अपने अंतिम दौर में पहुंच गई है। इस पद के लिए देश भर से आए करीब 5,200 आवेदनों में से शॉर्टलिस्ट किए गए 18 शीर्ष उम्मीदवारों का इंटरव्यू मंगलवार, 11 अगस्त से अयोध्या में शुरू हो गया है। 2 दिवसीय यह इंटरव्यू प्रक्रिया 12 अगस्त तक चलेगी।

मिली जानकारी के मुताबिक, मंदिर परिसर स्थित पैसेंजर फैसिलिटेशन सेंटर (PFC) में आयोजित हो रहे इन इंटरव्यू के लिए 3 सदस्यीय उच्च स्तरीय चयन समिति बनाई गई है। सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस प्रमोद कोहली की अध्यक्षता वाली इस समिति में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल विष्णु कांत चतुर्वेदी और परमाणु वैज्ञानिक सुरेश हावड़े शामिल हैं।

ये भी पढ़ें:- सपा सांसद अफजाल अंसारी को बड़ी राहत: 3 मुकदमों में गिरफ्तारी पर HC की रोक

शुरुआती जांच-पड़ताल के बाद समिति ने 55 उम्मीदवारों से प्रारंभिक बातचीत की थी, जिसके बाद अंतिम साक्षात्कार के लिए 18 नाम तय किए गए। शॉर्टलिस्ट उम्मीदवारों में भारतीय सेना, शिक्षा क्षेत्र और कॉरपोरेट जगत के कई दिग्गज और अनुभवी चेहरे शामिल हैं। इस पद के लिए 50 से 70 वर्ष की आयु सीमा रखी गई है। साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयन समिति 18 में से 3 सबसे योग्य उम्मीदवारों के नाम की रिपोर्ट तैयार कर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंपेगी। ट्रस्ट अंतिम फैसला लेते हुए 2 सितंबर को नए सीईओ के नाम की आधिकारिक घोषणा करेगा।

उल्लेखनीय है कि जून में मंदिर परिसर में चंदा चोरी का मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को पारदर्शी और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए 6 जुलाई को हुई बोर्ड बैठक में एक स्थाई CEO नियुक्त करने का अहम निर्णय लिया गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static