UP में मचा हड़कंप: झारखंड के कुख्यात माफिया छोटू सिंह का एनकाउंटर, AK-47 से फायरिंग के बाद STF ने किया ढेर

punjabkesari.in Thursday, Aug 07, 2025 - 10:37 AM (IST)

Prayagraj News: उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रयागराज में बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड के कुख्यात माफिया आशीष रंजन उर्फ छोटू सिंह को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। छोटू सिंह धनबाद का रहने वाला था और कई हत्याओं समेत गंभीर अपराधों में वांछित था। वह प्रयागराज में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।

बड़ी वारदात को लेकर STF ने किया घेराबंदी
मिली जानकारी के अनुसार, STF को सूचना मिली थी कि छोटू सिंह अपने एक साथी के साथ प्रयागराज में किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने वाला है। इसके बाद टीम ने शिवराजपुर चौराहे के पास घेराबंदी की। जैसे ही STF की टीम ने छोटू सिंह को पकड़ने की कोशिश की, उसने AK-47 राइफल और 9MM पिस्टल से फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में STF के तीन अधिकारी और कर्मचारी बाल-बाल बच गए।

छोटू सिंह ने पुलिस पर फायरिंग की, मुठभेड़ में हुआ घायल
बताया जा रहा है कि STF ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें छोटू सिंह घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान छोटू सिंह का एक साथी फरार हो गया। मौके से पुलिस ने एक AK-47 राइफल, एक 9MM पिस्टल, कई कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है।

छोटू सिंह पर 4 लाख का इनाम, गंभीर अपराधों में था वांछित
धनबाद पुलिस ने छोटू सिंह पर 4 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था। वह झारखंड में हत्या, जानलेवा हमला और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों में भी वांछित था। छोटू सिंह पर गैंगस्टर अमन सिंह की हत्या का भी आरोप था, जिसकी जिम्मेदारी उसने एक वायरल वीडियो में ली थी। यह कार्रवाई अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है और सुरक्षा बलों की सक्रियता की सराहना की जा रही है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static