यूट्यूबर सलीम के हमलावरों का खूनी अंत: पुलिस ने सगे भाइयों को सिखाया सबक, एक हुआ ढेर... दूसरे को सरेराह एनकाउंटर में दी सजा
punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 07:19 AM (IST)
Ghaziabad News: दिल्ली से सटे गाजियाबाद जिले में मशहूर यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। इस वारदात में शामिल दूसरे आरोपी गुलफाम को गाजियाबाद पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से गुलफाम घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गौरतलब है कि पुलिस ने ठीक 2 दिन पहले ही इस मामले के एक अन्य आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया था।
कैसे हुई मुठभेड़?
गाजियाबाद क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली थी कि सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गुलफाम इंदिरापुरम इलाके में छिपा हुआ है। एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल राजपूत के नेतृत्व में टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख आरोपी गुलफाम ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली गुलफाम के पैर में लगी और वह वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए हैं।
दोनों आरोपी निकले सगे भाई
हैरान कर देने वाली बात यह है कि इस हमले में शामिल गुलफाम और पहले एनकाउंटर में ढेर हुआ अपराधी, दोनों सगे भाई थे। इन दोनों पर आरोप है कि उन्होंने यूट्यूबर सलीम वास्तिक को घेरकर उन पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए थे। इस हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अस्पताल में अभी भी इलाज चल रहा है।
पुलिस का सख्त संदेश
लगातार दो एनकाउंटर के बाद गाजियाबाद पुलिस ने अपराधियों को सख्त संदेश दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इस हमले के पीछे कोई गहरी साजिश या किसी बड़े गिरोह का हाथ है।अपराधियों के खिलाफ हमारे पास पुख्ता सबूत हैं और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल, इंदिरापुरम और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अब इस मामले के हर पहलू को खंगाल रही है ताकि हमले की असली वजह सामने आ सके।

