''तुम किसी और से बात क्यों करती हो?'' ... प्यार में शक बना काल, BCA छात्रा का घर में रेता गला
punjabkesari.in Friday, Aug 07, 2026 - 07:35 AM (IST)
Lucknow News: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की उसके ही घर में गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के समय छात्रा घर में अकेली थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी देवांश पाठक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। घटना वाले दिन उसके माता-पिता पैतृक गांव गए हुए थे। जब बड़ी बहन कॉलेज से घर लौटी, तो पहली मंजिल पर बहन का खून से लथपथ शव देखकर उसके होश उड़ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हुए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
ये भी पढ़ें:- बारिश के बीच ताश के पत्तों की तरह ढहे मकान-दीवार, 2 मासूमों सहित 3 की दर्दनाक मौ/त
डीसीपी वेस्ट कमलेश दीक्षित ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी देवांश पाठक से कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि दोनों पिछले 2 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे और साथ ही पढ़ाई करते थे। हालांकि, बीते कुछ दिनों से देवांश को शक था कि छात्रा किसी अन्य युवक से बात करने लगी है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था और बातचीत बंद थी। बुधवार दोपहर देवांश बातचीत के बहाने छात्रा के घर में दाखिल हुआ। बातचीत के दौरान बहस इतनी बढ़ी कि देवांश ने आपा खो दिया और पास में रखे चाकू से छात्रा का गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद परिजनों ने हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका जताई है। परिजनों की तहरीर और प्राथमिक जांच के आधार पर पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 66 और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सना चाकू और उसके कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

