रात 9:30 बजे मकान मालिक से भिड़ गया राजमिस्त्री, फिर शराब के नशे में कर डाला वो कांड... जिससे कांप उठा प्रतापगढ़
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 02:59 PM (IST)
Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र के चमनगंज गांव में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की शनिवार रात राजमिस्त्री और उसके दो साथियों ने कथित तौर पर क्रिकेट बैट से पीट-पीटकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार चमनगंज निवासी राममिलन गुप्ता (55) के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। कल रात करीब 9:30 बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर राजमिस्त्री राजा राम और उसके 2 साथियों से उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने क्रिकेट बैट से राममिलन गुप्ता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस सूत्रों से आज मिली जानकारी के अनुसार घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और पूरे मामले की जांच जारी है।

