सिर्फ नकली नोट नहीं, गाड़ी में था तबाही का पूरा इंतजाम... असम में कानपुर-उन्नाव के लड़कों का वो सच, जिसने सबको चौंकाया

punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 12:45 PM (IST)

UP Desk News: असम पुलिस ने गुवाहाटी में एक बड़ी और चौंकाने वाली कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के रहने वाले 3 शातिर युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 10.90 लाख रुपए के नकली नोट बरामद हुए हैं। मामला सिर्फ असम तक सीमित नहीं है, पुलिस को शक है कि यह एक बहुत बड़े अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह का हिस्सा है। इसी वजह से पुलिस की कई टीमें अब अलग-अलग राज्यों में इस नेटवर्क को खंगालने में जुट गई हैं।

फिल्मी अंदाज में रुकी गाड़ी और खुल गया राज
यह पूरा एक्शन किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। बुधवार को पुलिस को एक बेहद पक्की और गुप्त सूचना मिली। इस इनपुट के आधार पर गुवाहाटी के सिक्स माइल इलाके के पंजाबी रोड पर नाकेबंदी की गई। तभी वहां उत्तर प्रदेश के नंबर (UP-35 BV-8240) की एक संदिग्ध गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने जब गाड़ी को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। गाड़ी के अंदर से 500-500 रुपए के नकली नोटों के बंडल बरामद हुए, जिनकी कुल कीमत 10.90 लाख रुपए आंकी गई है।

कानपुर और उन्नाव के रहने वाले हैं आरोपी
पकड़े गए तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश के ही रहने वाले हैं और असम में किसी बड़े नेटवर्क को अंजाम देने आए थे। पुलिस ने इनके नाम और पते भी जारी कर दिए हैं:-
- अनुज गुप्ता (34 वर्ष) – निवासी: उन्नाव, उत्तर प्रदेश
- महेश शुक्ला (32 वर्ष) – निवासी: कानपुर, उत्तर प्रदेश
- रोशन गुप्ता (28 वर्ष) – निवासी: कानपुर, उत्तर प्रदेश
- फिलहाल पुलिस ने इन तीनों को कोर्ट में पेश करने और रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी शुरू कर दी है।

सिर्फ नोट नहीं, गाड़ी से मिला क्राइम किट
इस मामले में सबसे रहस्यमयी बात यह है कि पुलिस को गाड़ी से सिर्फ नकली नोट ही नहीं मिले, बल्कि कुछ ऐसा सामान भी मिला है जिसने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े कर दिए हैं। बरामद सामान की लिस्ट में शामिल हैं:-
- एक गैस कटर और गैस सिलेंडर
- एक दाव (बेहद धारदार हथियार)
- एक गोल्ड फ्लेम लाइटर
- एक कटिंग प्लायर (पिलास)

गाड़ी में गैस कटर और धारदार हथियार का मिलना इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि यह गिरोह सिर्फ नकली नोट खपाने नहीं, बल्कि एटीएम काटने या किसी बड़ी डकैती जैसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में भी था। पुलिस अब इन तीनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि नकली नोटों की यह खेप कहां छपी थी, असम में किसे दी जानी थी और गाड़ी में मिले हथियारों का असली मास्टरप्लान क्या था। अधिकारियों का दावा है कि इस मामले में जल्द ही कुछ और बड़े चेहरों की गिरफ्तारी हो सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static