इंसानियत शर्मसार! मासूम पिल्लों के लिए ''काल'' बना पत्थर दिल शख्स, कुएं को बना दिया कब्रगाह
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 10:25 AM (IST)
Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां एक युवक पर आरोप है कि उसने 6 मासूम पिल्लों को कुएं में फेंककर मार डाला। मामला चुनार कोतवाली क्षेत्र के धरम्मरपुर गांव का है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता कानून के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गंध से हुआ खुलासा
गांव में रहने वाले ओएनजीसी से रिटायर कर्मचारी भागवत सिंह के घर के सामने एक पुराना कुआं है। कुछ दिन पहले उस कुएं से तेज बदबू आने लगी। शक होने पर जब उन्होंने अंदर देखा तो कुत्ते के कई पिल्लों के शव पानी में दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने घर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज चेक की। वीडियो में गांव का ही रहने वाला सर्वेश सिंह उर्फ कट्टन दिखाई दिया। फुटेज में वह एक-एक करके पिल्लों को उठाकर कुएं में फेंकता नजर आया।
बुजुर्ग को डराने का आरोप
भागवत सिंह का आरोप है कि सर्वेश सिंह गांव का दबंग व्यक्ति है। पहले भी वह उनकी बाउंड्री वॉल तोड़कर कब्जा करने की कोशिश कर चुका है और इस मामले में विवाद चल रहा है। बुजुर्ग का कहना है कि वह अकेले रहते हैं और उनके बच्चे विदेश में हैं। आरोपी उन्हें डराने और मानसिक रूप से परेशान करने के लिए इस तरह की हरकतें कर रहा था।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सीसीटीवी सबूत मिलने के बाद चुनार पुलिस ने कार्रवाई की। आरोपी सर्वेश सिंह उर्फ कट्टन के खिलाफ Prevention of Cruelty to Animals Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

