₹3 हजार के लिए गिरा इंसानियत का स्तर! पैसे ना मिले तो बिना ढके सौंपा शव — नोएडा पोस्टमार्टम हाउस पर बड़ा आरोप
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 03:19 PM (IST)
Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा से मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां सेक्टर-94 स्थित पोस्टमार्टम हाउस के स्टाफ पर आरोप लगा है कि उन्होंने मृतक के परिजनों से कफन के नाम पर 3,000 रुपए की मांग की। जब परिवार ने पैसे देने में असमर्थता जताई, तो शव को बिना कपड़ा ढंके ही उनके हवाले कर दिया गया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित परिवार का कहना है कि पोस्टमार्टम हाउस के कर्मचारियों ने साफ तौर पर पैसे मांगे थे। जब पैसे नहीं दिए गए, तो स्टाफ ने शव को हाथ लगाने से भी इनकार कर दिया। मजबूरी में परिजनों को खुद श्मशान घाट जाकर चादर खरीदनी पड़ी, तब जाकर शव को ढंका जा सका। इस दौरान परिजनों ने पूरी घटना का वीडियो भी बना लिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि पोस्टमार्टम हाउस का स्टाफ एम्बुलेंस सेवा का ठेका भी खुद चलाता है और मौके का फायदा उठाकर लोगों से मनमानी रकम वसूलने की कोशिश करता है। इतना ही नहीं, पैसे न देने पर स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं कराया जाता।
किसका था शव
जानकारी के अनुसार, चिपयाना गांव निवासी रचित की मौत के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर-94 स्थित केंद्र भेजा था। वहीं परिजनों को इस कथित दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा।
वायरल वीडियो के बाद मचा हंगामा
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। यूजर्स इस मामले को अमानवीय बता रहे हैं और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।

