महिला के 42000 उड़ा ले गया बंदर, जब कोई तरीका नहीं काम आया... तो पुलिस की इस तरकीब ने वापस दिलाई पाई-पाई

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 04:10 PM (IST)

अयोध्या : उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस की सूझबूझ का अनोखा उदाहरण पेश किया है। सिविल लाइन क्षेत्र में एक बंदर महिला के 42,105 रुपये लेकर भाग गया। महिला के पैसे वापस पाने के लिए लोग काफी देर तक कोशिश करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिली। मामला पुलिस तक पहुंचा तो टीम ने बंदर को पकड़ने या डराने के बजाय एक अलग तरीका अपनाया और आखिरकार पूरी रकम सुरक्षित बरामद कर ली। 

जानकारी के मुताबिक, कैंट क्षेत्र के भिखनपुर की रहने वाली अंजू देवी मंगलवार को सिविल लाइन चौकी के पास मौजूद थीं। इसी दौरान अचानक एक बंदर उनके पास से 42,105 रुपये लेकर भाग गया। स्थानीय लोगों ने बंदर से रुपये छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन वह पैसे लेकर दूर निकल गया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक अशोक कुमार और पंकज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थिति को समझते हुए बंदर का ध्यान भटकाने के लिए उसे केला खिलाने की तरकीब अपनाई।

केला देखते ही बंदर का ध्यान पैसों से हट गया और पुलिसकर्मियों ने सावधानी से उसके पास से रुपये बरामद कर लिए। इसके बाद पुलिस ने रकम की पहचान और आवश्यक जांच पूरी कर 42,105 रुपये अंजू देवी को सुरक्षित वापस सौंप दिए। पूरी रकम मिलने के बाद महिला ने राहत की सांस ली। वहीं, पुलिस की धैर्यपूर्ण कार्रवाई और अनोखी सूझबूझ की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। अयोध्या में बंदर से रुपये बरामद करने का यह मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static