UP के सरकारी अस्पताल में बड़ा गड़बड़झाला, मां की गोद में पहुंचा किसी और का बच्चा... स्टाफ की लापरवाही पर गिरी गाज, नर्स और आया सस्पेंड
punjabkesari.in Sunday, Jun 14, 2026 - 02:00 PM (IST)
Etah News : एटा के एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में दो नवजात बच्चों की कथित अदला-बदली का मामला सामने आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर दो स्वास्थ्य कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह घटना मेडिकल कॉलेज में हुई, जहां एक ही दिन दो महिलाओं का प्रसव हुआ था। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि शिवानी (22) ने एक पुत्र को जन्म दिया, जबकि अफसाना (27) के यहां पुत्री का जन्म हुआ।
उन्होंने कहा कि अफसाना की नवजात बेटी जन्म के तुरंत बाद नहीं रोई थी, इसलिए उसे चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, बाद में एक आया नवजात बच्चों को वार्ड में लेकर आई और कथित तौर पर उन्हें गलत परिवारों को सौंप दिया। इसके परिणामस्वरूप जिस महिला ने बेटे को जन्म दिया था, उसे बेटी दे दी गई, जबकि जिस महिला ने बेटी को जन्म दिया था, उसे बेटा सौंप दिया गया। इस गलती के कारण दोनों परिवारों के बीच भ्रम और विवाद की स्थिति पैदा हो गई, क्योंकि दोनों ही एक बच्चे पर अपना दावा कर रहे थे। मामला बढ़ने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर स्थानीय चौकी प्रभारी समेत पुलिसकर्मी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। डॉक्टरों की मौजूदगी में जांच-पड़ताल के बाद स्थिति स्पष्ट हुई और नवजात बच्चों को उनके सही परिवारों को सौंप दिया गया। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने कहा कि प्रारंभिक जांच में किसी साजिश या गड़बड़ी के प्रमाण नहीं मिले हैं और यह मामला मानवीय भूल तथा लापरवाही का प्रतीत होता है। प्राचार्य डॉ. बलबीर सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया लापरवाही की पुष्टि होने पर संबंधित आया और स्टाफ नर्स को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नवजात शिशुओं को सीधे चिकित्सक की निगरानी में उनके परिजनों को सौंपने की व्यवस्था लागू की जाएगी।

