''UP बनेगा विकास का इंजन...'', राज्य को नितिन गडकरी का बड़ा तोहफा, अगले 2 साल में पूरी होंगी 5 लाख करोड़ की सड़क परियोजनाएं
punjabkesari.in Tuesday, Jul 14, 2026 - 11:14 AM (IST)
लखनऊ : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पूरी की जाएंगी। उन्होंने राज्य के लिए 50,000-60,000 करोड़ रुपये की नई सड़क परियोजनाओं की भी घोषणा की।
4,850 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
गडकरी ने 4,850 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे।
नई सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी
केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मैं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आश्वस्त करता हूं कि आज अधिकारियों के साथ हुई बैठक में जिन 50,000-60,000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं पर चर्चा हुई, उन्हें मंजूरी दे दी गई है। इसके अलावा अगले दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं पूरी कर ली जाएंगी।"
बुनियादी ढांचा आर्थिक विकास की आधारशिला
उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचा आर्थिक विकास की आधारशिला है और बिजली, परिवहन तथा संचार निवेश आकर्षित करने तथा व्यापार एवं उद्योग को बढ़ावा देने के प्रमुख स्तंभ हैं। गडकरी ने कहा, "जहां अच्छा बुनियादी ढांचा होता है, वहां व्यापार, कारोबार और उद्योग फलते-फूलते हैं। पूंजी निवेश बढ़ता है, रोजगार के अवसर पैदा होते हैं और गरीबी, भूख तथा बेरोजगारी में कमी आती है।"
2014 के बाद विकास को मिली रफ्तार
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार बनने से पहले उत्तर प्रदेश का विकास अपेक्षित गति से नहीं हो रहा था, लेकिन उसके बाद इसमें तेजी आई है। उन्होंने कहा, "45 वर्ष के अपने सार्वजनिक जीवन में मैंने कभी झूठे वादे नहीं किए। यदि कोई परियोजना संभव नहीं होती, तो मैं सार्वजनिक रूप से यह बात कह देता हूं।"
'उत्तर प्रदेश समृद्ध होगा तो भारत भी आगे बढ़ेगा'
उत्तर प्रदेश को 'भारत का हृदय' बताते हुए गडकरी ने कहा कि देश का विकास राज्य की प्रगति से गहराई से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा, "यदि उत्तर प्रदेश समृद्ध होगा, प्रति व्यक्ति आय बढ़ेगी, निर्यात में वृद्धि होगी और सड़क अवसंरचना मजबूत होगी तो भारत की विकास दर भी तेज होगी।"

