''मोदी-योगी ने बदली UP की तस्वीर'', नितिन नवीन का बड़ा दावा, बोले- 2027 में भारी बहुमत से लौटेगा NDA
punjabkesari.in Sunday, Jul 05, 2026 - 02:01 PM (IST)
लखनऊ : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2027 के विधानसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश में भारी बहुमत के साथ सत्ता में लौटेगा। नवीन ने गठबंधन के कामकाज और जनसेवा का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को दिया।
राजग सहयोगियों के साथ मुलाकात के बाद यहां पत्रकारों से बातचीत में नवीन ने कहा कि भाजपा अपने दम पर चुनाव लड़ने में सक्षम है, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2027 के चुनावों के लिए एकजुट रहेगा। उन्होंने कहा, "भारतीय जनता पार्टी चुनाव लड़ने में सक्षम है... हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राजग के सभी सहयोगी दल मिलकर काम करते रहें ताकि उत्तर प्रदेश को 'उत्तम प्रदेश' बनाया जा सके।"
उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने मोदी और योगी के नेतृत्व में सामूहिक प्रयासों से राज्य की तस्वीर बदल दी है। नवीन ने कहा, "हमारे नेताओं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा की भावना के साथ लोगों के बीच काम किया है। हमें पूरा भरोसा है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में राजग गठबंधन भारी बहुमत के साथ सरकार बनाएगा।"

