होली की खुशियां मातम में बदली: जिसे खुद गेट से अंदर बुलाया, उसी ने सीने में उतार दी गोली; वजह जानकर चौंक जाएंगे आप

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 06:34 AM (IST)

Noida News: रंगों के त्योहार होली के दिन नोएडा के सेक्टर-75 में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां की पॉश IVY काउंटी सोसाइटी में एक 39 वर्षीय व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप मृतक की महिला मित्र के भाइयों पर लगा है।

क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान साहिल सिंघल (पुत्र योगेश कुमार सिंघल) के रूप में हुई है। साहिल शादीशुदा था, लेकिन पिछले 4 सालों से उसका एक अन्य महिला के साथ प्रेम संबंध चल रहा था।

सोसाइटी में ही हुआ विवाद
बुधवार, 4 मार्च 2026 को वह महिला अपने दो भाइयों के साथ साहिल से मिलने उसके घर पहुंची थी। खास बात यह है कि साहिल ने खुद ही गेट पर उनकी एंट्री करवाई थी, जिससे सुरक्षा गार्ड्स ने उन्हें अंदर जाने दिया। घर के अंदर किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि महिला के भाइयों ने आपा खो दिया और साहिल पर गोली चला दी।

अस्पताल में हुई मौत
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और साहिल के पिता योगेश सिंघल मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में पिता ने लहूलुहान हालत में साहिल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-113 की पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए इस मामले में दो मुख्य आरोपियों (महिला के भाइयों) को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और एफआईआर (FIR) दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static