‘संविधान और लोकतंत्र को तार-तार कर रहा विपक्ष’, श्रीकांत शर्मा का कांग्रेस-अखिलेश पर निशाना

punjabkesari.in Saturday, Oct 17, 2026 - 07:26 PM (IST)

मथुरा: हिमाचल प्रदेश के प्रभारी और उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री श्रीकांत शर्मा ने दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष संविधान की प्रति लेकर लोकतंत्र को तार-तार कर रहा है।  उन्होंने कहा कि चुनावों में लगातार हार से विपक्षी दल बौखलाहट में हैं और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के बजाय भीड़तंत्र का सहारा ले रहे हैं।  शर्मा ने शनिवार को कहा कि जंतर-मंतर और बोट क्लब जैसे स्थानों को प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित करने का काम पहले कांग्रेस ने किया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुद्दों के अभाव में विपक्ष देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहा है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष के आरोपों पर उन्होंने कहा कि 13 करोड़ लोगों के नाम काटे जाने की बात कहकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उनके मुताबिक, इनमें करीब 10 करोड़ लोग मृत, दोहरी प्रविष्टि वाले या दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके हैं। शेष तीन करोड़ के संबंध में उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में सभी दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) को सहयोग करना था। उन्होंने ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची का प्रारूप अभी तैयार हो रहा है। उन्होंने विपक्ष पर चुनाव आयोग और भाजपा को निशाना बनाने तथा युवाओं को राजनीतिक प्रदर्शनों में आगे करने का आरोप लगाया।  

 केंद्र सरकार की प्रशंसा करते हुए शर्मा ने कहा कि सरकार की इच्छाशक्ति के कारण कश्मीर और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति में सुधार हुआ है और देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करना जरूरी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अपना काम करेगी।  उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से राहुल गांधी की भूमिका पर सवाल उठाने को कहा। शर्मा ने उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए जवाहर बाग की घटना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मथुरा के जवाहर बाग में कब्जा हटाने की कारर्वाई के दौरान पुलिस अधिकारी की हत्या हुई थी और उस समय प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सरकार थी। उन्होंने विपक्ष से उस घटना के संदर्भ में जवाब देने की मांग की।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static