कड़ी शर्तों के साथ गो-जनजागरण कार्यक्रम को मिली अनुमति, शंकराचार्य बोले- क्या हम वहां शोक सभा करने जा रहे हैं...

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 04:15 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 11 मार्च से प्रस्तावित गो-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान के कार्यक्रम को प्रशासन ने अनुमति दे दी है। कार्यक्रम स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। हालांकि प्रशासन ने कार्यक्रम की अनुमति 26 शर्तों के साथ दी है और साफ किया है कि किसी भी शर्त का उल्लंघन होने पर अनुमति स्वतः निरस्त मानी जाएगी। इसे लेकर कराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि"क्या हम मौन धारण करने के लिए यह आयोजन कर रहे हैं?... जो हमारे मन में पीड़ा है उसे ही तो व्यक्त करने जा रहे हैं। 

शर्तो के साथ मिली अनुमति पर  शंकराचार्य का  जानिए रिएक्शन 
लखनऊ, उत्तर प्रदेश: जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती की लखनऊ में होने वाली “गौ माता प्रतिष्ठा संकल्प महासभा” के लिए प्रशासन ने कंडीशनल परमिशन दे दी है। यह इवेंट 11 मार्च को कांशीराम स्मृति स्थल पर होगा।

कन्फ्यूजन पैदा करने के लिए परमिशन रोकी गई
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद कहते हैं, "अहंकार, अहंकार, और क्या वजह है? कन्फ्यूजन पैदा करने के लिए परमिशन रोकी गई थी, ताकि पब्लिक न आए और लोग सोचते रहें कि इवेंट होगा भी या नहीं। आखिर में एक दिन पहले ही परमिशन दी गई। एक ही दिन में कोई रिज़र्वेशन नहीं हो सकता, और दूर-दराज से लोग इतने कम समय में नहीं आ सकते..." सोमवार देर रात प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक के बाद अनुमति दी गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों के साथ लखनऊ विकास प्राधिकरण की स्मारक समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन आशियाना क्षेत्र में पासी किला चौराहे के पास स्थित कांशीराम स्मृति सांस्कृतिक स्थल पर प्रस्तावित है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। आशियाना, पीजीआई और कृष्णानगर थाना क्षेत्र की पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आयोजन स्थल पर भी भारी पुलिस बल तैनात किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार आयोजकों ने तीन दिवसीय कार्यक्रम के लिए स्मारक समिति को लगभग 4.50 लाख रुपये शुल्क भी जमा कराया है।

इन शर्तों के साथ मिली अनुमति
प्रशासन ने साफ किया है कि कार्यक्रम के दौरान धर्म, जाति या संप्रदाय के खिलाफ भड़काऊ भाषण नहीं दिए जाएंगे। किसी भी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर रोक रहेगी। हथियार, आतिशबाजी और हर्ष फायरिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ध्वनि प्रदूषण नियमों का पालन अनिवार्य होगा और रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर का उपयोग नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा यातायात बाधित न हो, इसके लिए वाहनों की संख्या सीमित रखी जाएगी।

11 मार्च को मुख्य कार्यक्रम
आयोजकों के अनुसार 11 मार्च को शीतला अष्टमी के अवसर पर दोपहर 2:15 बजे से शाम 5 बजे तक मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस दौरान शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ‘गो-प्रतिष्ठा धर्मयुद्ध’ अभियान का औपचारिक शंखनाद करेंगे और समर्थकों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में संत-समाज, विभिन्न संगठनों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

काशी से लखनऊ तक यात्रा
बताया जा रहा है कि शंकराचार्य इन दिनों वाराणसी से लखनऊ तक जनजागरण यात्रा पर हैं। इस दौरान जौनपुर, सुल्तानपुर, रायबरेली और उन्नाव सहित कई जिलों में सभाएं प्रस्तावित हैं। आयोजकों के अनुसार यह अभियान गौ-रक्षा के मुद्दे पर जनजागरण के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramkesh

Related News

static