इश्क वाली शादी... संदिग्ध मौत! आगरा में जलती चिता से पुलिस ने निकलवाई लाश, अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी नजरें

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 12:21 PM (IST)

Agra News: आगरा के फतेहपुर सीकरी इलाके में बीते बुधवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस ने श्मशान घाट पहुंचकर एक जलती हुई चिता को बुझाया और अधजली लाश को बाहर निकाला। यह लाश 'सना' की थी, जिसने 4 साल पहले धर्म की दीवार तोड़कर 'अजीत' से प्रेम विवाह किया था। सना की मौत के बाद उसका पति और ससुराल वाले आनन-फानन में उसका अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी पुलिस ने इस 'खूनी सस्पेंस' पर ब्रेक लगा दिया।

'इश्क' के लिए छोड़ा था घर, मौत पर खड़ा हुआ सवाल
किरावली निवासी निजाम की बेटी सना और जाजाऊ गांव के अजीत सिंह की प्रेम कहानी 4 साल पहले शुरू हुई थी। सना अपना घर छोड़कर अजीत के पास आ गई थी और दोनों ने निकाह/शादी कर ली थी। तब से सना का अपने मायके वालों से कोई संपर्क नहीं था। बुधवार दोपहर अचानक सना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

घटनाक्रम की बड़ी बातें:-
मौत के तुरंत बाद अजीत और उसके परिवार ने बिना मायके वालों को सूचना दिए अंतिम संस्कार की तैयारी कर ली। जब चिता धधक रही थी, तभी सना के परिजन पुलिस के साथ श्मशान घाट जा धमके। पुलिस ने जलती चिता पर पानी डलवाकर आग बुझाई और अधजले शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

हत्या या बीमारी? दावों में उलझी गुत्थी
इस मामले में अब दो अलग-अलग पक्ष सामने आ रहे हैं, जिससे मामला और भी पेचीदा हो गया है:

मायके पक्ष का आरोप
सना के पिता और भाइयों का कहना है कि उनकी बेटी की हत्या अजीत और उसके परिवार ने मिलकर की है। इसीलिए वे पुलिस को बताए बिना सबूत मिटाने के लिए शव को जला रहे थे।

ससुराल पक्ष का दावा
वहीं, हिरासत में लिए गए पति अजीत का कहना है कि सना को टीबी (TB) की बीमारी थी और लंबी बीमारी के चलते ही उसकी मौत हुई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सबकी नजरें
श्मशान घाट पर पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और अजीत के परिवार ने जमकर हंगामा भी किया। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस ने अजीत को हिरासत में ले लिया है। अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर हैं, जो यह साफ करेगी कि सना की मौत वाकई बीमारी से हुई या उसके साथ कोई 'खूनी खेल' खेला गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static