पति बना हैवान... 8 महीने की प्रेग्नेंट पत्नी को हंसिए से काट डाला, सिर पर किए ताबड़तोड़ वार, 5 साल के मासूम की गवाही पर हुई गिरफ्तारी

punjabkesari.in Sunday, Jul 26, 2026 - 05:44 PM (IST)

बांदा : उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शनिवार रात एक व्यक्ति ने कथित तौर पर शराब के नशे में विवाद के दौरान धारदार हथियार से हमला कर अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। कुलपहाड़ क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे पनवाड़ी थाना क्षेत्र के बिजरारी गांव निवासी हनीफ ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी पत्नी मनीषा मंसूरी (27) की मौत हो गई है।

उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि महिला के सिर और गर्दन पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान थे। अधिकारी ने बताया कि इस पर हनीफ से पूछताछ की गई, लेकिन वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। उन्होंने बताया कि हनीफ और मनीषा के पांच वर्षीय बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने शराब के नशे में उसकी मां पर हंसिया से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी के अनुसार, बच्चे के बयान के बाद हनीफ ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर हनीफ को उसी रात गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारी ने बताया कि मनीषा करीब आठ माह की गर्भवती थी और हनीफ शराब पीने का आदी है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मृतका के परिजनों को दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static