Ram Mandir Ayodhya: दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल और पंजाब के CM भगवंत मान आज सपरिवार जाएंगे राम मंदिर

punjabkesari.in Monday, Feb 12, 2024 - 08:59 AM (IST)

Ram Mandir Ayodhya: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान सोमवार को अयोध्या जाएंगे और राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। ‘आप' के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन उन्होंने कहा था कि वह बाद में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ दर्शन करने जाएंगे। सूत्रों ने बताया कि केजरीवाल और भगवंत मान आज अयोध्या जा रहे हैं। उनके साथ उनका परिवार भी होगा।

PunjabKesari

योगी की अगुवाई में UP कैबिनेट और राजग गठबंधन सहयोगियों ने किए रामलला के दर्शन
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उनके मंत्रिमण्डल एवं सहयोगियों तथा राजग गठबंधन के साथ रविवार को श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अपनी पूरी कैबिनेट एवं विधायकों एवं राजग गठबंधन के साथ श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य और दिव्य मंदिर के हो रहे निर्माण में विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन किया। यह पहला मौका है जब पूरी योगी कैबिनेट ने रामलला का दर्शन और पूजन किया। इस दौरान सभी मंत्री और विधायक बेहद उत्साहित दिखे और भक्ति भाव में डूबे हुए नजर आये। जय श्रीराम के नारे बराबर लगाये जा रहे थे। मंत्रिमण्डल के सदस्यों तथा विधायकों ने श्रीरामजन्मभूमि पर भव्य और दिव्य बन रहे राम मंदिर निर्माण का भी बड़ी बारीकी से अवलोकन किया और घूम-घूम कर देखा भी। इस अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चम्पत राय ने मंत्रिमण्डल के मंत्रियों और विधायकों को ले जा करके पूरे मंदिर का भ्रमण कराया। उत्तर प्रदेश में पहली बार मंत्रिमण्डल द्वारा श्रीरामलला का दर्शन-पूजन हुआ है।

PunjabKesari

जानिए, रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद क्या बोले सतीश महाना?
श्रीरामजन्मभूमि पर विराजमान रामलला का दर्शन-पूजन करने के बाद उत्तर प्रदेश के विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने पत्रकारों से कहा कि मैं बहुत भावुक हूं, क्योंकि मैं जब इस स्थान पर आया था तो यहां एक ढांचा खड़ा था, जो 6 दिसम्बर 1992 को हमारे सामने टूटा था। मैं उस समय यहां पर आया था। जब 1990 में यहां गोली चली थी मैं उस समय यहां पर आया था, जिस समय चबूतरे का निर्माण हुआ था ,वह भी मुझे याद है और आज सबसे सौभाग्य की बात है कि भगवान के प्रत्यक्ष रूप से दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भव्य और दिव्य राम मंदिर निर्माण होते देख और इसी मंदिर में भगवान राम का विराजमान होना इतनी खुशी हो रही है कि इसका अंदाजा नहीं लगाया जा सकता। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जय-जयकार हो रहा है। पूरा देश राममय हो गया है, बल्कि ऐसा राम मंदिर पूरे विश्व में नहीं देखा जा सकता है। रामजन्मभूमि के गेट नं 11 से दस बसों से आये विधायकों और मंत्रियों को प्रवेश दिया गया। उधर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महर्षि वाल्मीकि अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डा से रामलला के दर्शन के लिये पहुंचे थे। विधान भवन से अयोध्या के लिये दस लग्जरी बसों से विभिन्न पाटर्ी के विधायकों, विधान परिषद के सदस्यों ने यात्रा को राममय बना दिया। यात्रा के साथ इस अयोध्या जनपद के विधायक गण द्वारा अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भव्य फूलों से वर्षा की गयी। इसमें विधानसभा क्षेत्र रुदौली के विधायक रामचन्द्र यादव ने अयोध्या के प्रवेश द्वार पर विधान मण्डल के सदस्यों और मंत्रीगणों का भव्यता के साथ स्वागत किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static