''राम मंदिर दान में हेराफेरी मामले में कोषाध्यक्ष को बचाया जा रहा...'' स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान से मचा हड़कंप
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 07:12 AM (IST)
Bareilly/Pilibhit News: ज्योतिर्मठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बुधवार को आरोप लगाया कि अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित हेराफेरी के मामले में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष को बचाने की कोशिश की जा रही है। अपनी 81 दिन की गोरक्षा एवं धर्मयुद्ध यात्रा के तहत बरेली और पीलीभीत पहुंचे स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने संवाददाताओं से बातचीत में अयोध्या के राम मंदिर में दिए गए दान में कथित हेराफेरी को साजिश बताया और कहा कि राम मंदिर दान चोरी मामले में कोषाध्यक्ष को बचाया जा रहा है। हर कोई उन्हें बचाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने मंदिर ट्रस्ट के गठन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि जिन लोगों ने राम मंदिर के लिए कानूनी लड़ाई लड़ी थी, उन्हें किनारे कर दिया गया।
ट्रस्ट से आचार्यों को हटाने का आरोप और गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग
अविमुक्तेश्वरानंद ने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण पर पहला अधिकार वरिष्ठ धर्म गुरुओं का था। सरकार ने ट्रस्ट से प्रमुख आचार्यों को हटा दिया। केंद्र सरकार ने अपने खजाने से एक रुपया भी नहीं दिया। अविमुक्तेश्वरानंद ने अपनी यात्रा के दौरान अपने संबोधन में गाय को जानवरों की श्रेणी से हटाकर राष्ट्र माता का दर्जा देने की अपनी मांग दोहराई। उन्होंने गौ-रक्षा को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया और लोगों से आग्रह किया कि वे केवल उन्हीं राजनीतिक दलों का समर्थन करें जो गाय को ऐसा दर्जा देने का वादा करते हैं।

