Viral News: चाक, धागा, मिट्टी और लकड़ी के टुकड़े खाती थी लड़की; 2 घंटे की सर्जरी के बाद निकला दुर्लभ ट्राइकोबेजोअर... डॉक्टरों को भी हुई हैरानी
punjabkesari.in Saturday, May 31, 2025 - 02:16 PM (IST)

Viral News: जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल में डॉक्टरों ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। यहां 14 साल की एक लड़की के पेट से संभवतः दुनिया का सबसे बड़ा ट्राइकोबेजोअर (गांठ) निकालने में कामयाबी मिली है।
लड़की को थी 'पिका' नामक दुर्लभ बीमारी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह लड़की उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के बरारा गांव की रहने वाली है और 10वीं कक्षा की छात्रा है। उसे एक अनोखी बीमारी थी, जिसमें वह चाक, धागा, मिट्टी और लकड़ी के टुकड़े जैसी चीजें खा जाती थी। यह बीमारी चिकित्सकीय भाषा में 'पिका' कहलाती है, जिसमें व्यक्ति गैर-खाद्य पदार्थ निगलने लग जाता है। लड़की ने यह आदत दूसरों को देखकर सीखी थी।
पेट में सख्त गांठ मिलने के बाद की जांच
बताया जा रहा है कि लड़की को लगभग एक महीने से पेट में तेज दर्द और उल्टी की समस्या हो रही थी। जब उसे सवाई मान सिंह अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने उसकी जांच की। जांच में पता चला कि उसके पेट में एक सख्त गांठ है, जो नाभि से लेकर पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से तक फैली हुई थी। इसके बाद उसका कंट्रास्ट एन्हांस्ड सीटी स्कैन (सीईसीटी) कराया गया, जिसमें पेट फूला हुआ और असामान्य वस्तु भरी मिली।
2 घंटे चली सफल सर्जरी में निकाला दुर्लभ ट्राइकोबेजोअर
डॉक्टरों ने करीब 2 घंटे तक ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान उन्हें यह जानकर हैरानी हुई कि ट्राइकोबेजोअर केवल पेट तक सीमित नहीं था, बल्कि वह छोटी आंत तक भी फैल गया था। ऑपरेशन टीम ने इसे एक ही टुकड़े में निकालने का चुनौतीपूर्ण काम सफलतापूर्वक पूरा किया, ताकि आंतों में चीरे लगाने की जरूरत ना पड़े। यह सफल सर्जरी डॉ. जीवन कांकरिया और उनकी टीम ने की, जिसमें डॉ. राजेंद्र बुगालिया, डॉ. देवेंद्र सैनी, डॉ. अमित, डॉ. सुनील चौहान और उनकी एनेस्थीसिया टीम शामिल थी। ऑपरेशन में सहयोगी स्टाफ शायर और जुगन ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस प्रकार डॉक्टरों ने एक जटिल और दुर्लभ केस में जीवन बचाने वाला ऑपरेशन कर बड़ा कामयाबी हासिल की है।