''जल्द ही राम नाम जपते और भक्तों पर हुई कार्रवाई का पछतावा करते दिखेंगे अखिलेश'', CM Yogi का सपा प्रमुख पर तंज

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:41 PM (IST)

मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में राम मंदिर के दान में गबन के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए मंगलवार को कहा कि वह भी एक दिन भगवान राम का नाम जपते और अपनी गलतियों पर पछतावा करते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ''हाल के बयानों को देखकर क्या ऐसा लगता है कि सपा अध्यक्ष को सद्बुद्धि आ गई है या वह केवल दिखावा कर रहे हैं?'' उन्होंने कहा, ''वह कह रहे हैं कि अयोध्या को चमकाएंगे। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली 'डबल इंजन' सरकार यह काम पहले ही कर चुकी है। आपकी मदद की आवश्यकता नहीं है।'' योगी ने कहा, ''अयोध्या को आखिरकार स्वीकार करने की इस सद्बुद्धि के लिए मैं आपको धन्यवाद दूंगा। यह हमारे लिए वैचारिक विजय है।'' उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा, ''देर-सवेर आप भी भगवान राम का नाम जपते और अपनी गलतियों के लिए पछतावा करते दिखाई देंगे। वे गलतियां, जो भगवान राम के भक्तों के साथ की गई थीं, जैसे भगवान राम के भक्तों पर गोली चलाना और 'जय श्रीराम' का नारा लगाने वालों पर लाठियां बरसाना। आप एक दिन सबके सामने इसका पछतावा करेंगे।'' 

मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद में 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। उन्होंने मुरादाबाद में स्थापित नये गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय को क्षेत्र में शिक्षा क्रांति का वाहक बताते हुए गुरु जंभेश्वर तीर्थ क्षेत्र के विकास के लिए एक कॉरिडोर बनाने की घोषणा की। योगी ने कहा कि इससे यह धार्मिक स्थल देश और दुनिया के श्रद्धालुओं से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। आदित्यनाथ ने कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार को नई गति मिलेगी और पीतल नगरी मुरादाबाद को राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static