हैवान बना सौतेला पिता, 6 साल की मासूम से दरिंदगी के बाद ली जान, फिर चुपचाप करने जा रहा था ये काम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 09:25 AM (IST)
Noida News: सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। जहां एक सौतेले पिता ने अपनी ही 6 साल की मासूम बच्ची के साथ पहले दुष्कर्म किया और फिर उसकी हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए बच्ची के शव का चुपचाप अंतिम संस्कार करने की भी कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों की सजगता से यह पाप दुनिया के सामने आ गया।
वारदात का खौफनाक घटनाक्रम
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी मूल रूप से शाहजहांपुर का रहने वाला है। वह अपनी दूसरी पत्नी और उसकी 2 बेटियों के साथ सूरजपुर कस्बे में किराए के मकान में रह रहा था। रविवार को जब बच्ची की मां पास की एक फैक्ट्री में काम करने गई थी, तब घर में आरोपी अकेला था। आरोपी ने अपनी 6 साल की सौतेली बेटी को हवस का शिकार बनाया। मासूम की चीखें बाहर न जाएं, इसलिए दुष्कर्म के बाद उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने के लिए बच्ची का गुपचुप अंतिम संस्कार करने की तैयारी शुरू कर दी। उसकी संदिग्ध हरकतों को देखकर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को फोन कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला राज
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। रिपोर्ट आने के बाद पुलिस के भी होश उड़ गए। रिपोर्ट में बच्ची के साथ दुष्कर्म और फिर गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब में हुई थी मुलाकात, 6 महीने पहले आए थे नोएडा
एडिशनल डीसीपी (सेंट्रल नोएडा) आरके गौतम ने बताया कि आरोपी और महिला की मुलाकात पंजाब में काम के दौरान हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने, जिसके बाद आरोपी ने अपनी पहली पत्नी और महिला ने अपने पति को छोड़ दिया। करीब 6 महीने पहले ही यह जोड़ा ग्रेटर नोएडा आकर रहने लगा था। पुलिस ने आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

