राम मंदिर चोरी पर BJP का पलटवार: रामभक्तों पर गोलियां चलवाने वाले अब राम की बात न करें, जांच में कोई नहीं बचेगा
punjabkesari.in Friday, Jul 10, 2026 - 07:32 AM (IST)
Mirzapur News: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राम मंदिर कथित चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा पर निशाना साध रहे विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता अयोध्या में राम भक्तों पर गोलियां चलवाने वालों की असलियत जानती है। चौधरी ने राम मंदिर में दान की कथित चोरी की घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उन्होंने मिर्जापुर के अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान संवाददाताओं से कहा कि केंद्र और राज्य सरकार यह सुनिश्चित कर रही हैं कि मामले की गहन जांच हो।
'जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, वे अब राम की बात न करें'
चौधरी ने कहा कि हम इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण घटना मानते हैं और इससे बहुत दुखी हैं। जो भी इसमें शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा की लगातार आलोचना कर रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि राहुल गांधी या अखिलेश यादव क्या कहते हैं, यह उनकी बात है। जिन्होंने कभी भगवान राम की परवाह नहीं की और जिनके शासनकाल में राम भक्तों पर गोलियां चलाई गईं, वे अब भगवान राम की बात कर रहे हैं। देश की जनता उन्हें अच्छी तरह समझती है। इस मामले में राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष अन्वेषण दल की जांच पर सवाल उठाए जाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि वे तो चुनाव आयोग और अदालतों पर भी सवाल उठाते हैं।
'सरकार से नहीं, स्वतंत्र ट्रस्ट से जुड़ा है राम मंदिर का कामकाज'
एसआईटी की जांच चल रही है और इसमें (चढ़ावा चोरी मामले में) शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। इससे पहले, चौधरी ने विंध्याचल में विंध्यवासिनी मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस सवाल पर कि भाजपा ने राम मंदिर के निर्माण का श्रेय लिया था तो क्या उसे मंदिर में हुई चोरी की जिम्मेदारी भी नहीं लेनी चाहिए, चौधरी ने कहा कि मंदिर के निर्माण के बाद एक ट्रस्ट का गठन किया गया था और वही इसके कामकाज की देखरेख के लिए जिम्मेदार है। भाजपा नेता ने कहा कि ट्रस्ट स्वतंत्र रूप से काम करता है और सरकार से उसका कोई संबंध नहीं है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे सबसे कड़ी सजा मिलेगी।

