12वें फ्लोर पर AC फटा और धू-धू कर जला फ्लैट: चीख-पुकार के बीच खाली कराई बिल्डिंग, खुद CM योगी ने संभाला मोर्चा

punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 11:52 AM (IST)

Noida News: नोएडा के सेक्टर-75 में स्थित एक आवासीय सोसायटी की 12वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में शुक्रवार सुबह भयंकर आग लग गई, जिसके बाद एहतियातन इमारत को खाली करा लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया है। इसमें कहा गया है कि उन्होंने (योगी आदित्यनाथ ने) अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने और यदि कोई घायल हो तो उसे उचित चिकित्सा उपचार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

ये भी पढ़ें:- 54 के हुए योगी आदित्यनाथ: CM के बर्थडे पर रक्षा मंत्री से लेकर मायावती तक... दिग्गजों ने X पर लगा दी बधाइयों की झड़ी

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि यह घटना सेक्टर-75 में स्थित आइवी काउंटी सोसाइटी में सुबह 8 बजे के आसपास लगी। उन्होंने बताया कि आग फ्लैट में एयर कंडीशनर में हुए विस्फोट की वजह से लगी। इस 28 मंजिला इमारत की 12वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट से आग की लपटें उठीं और आग तेजी से फैल गई, जिससे घना काला धुआं उठा जो आसपास के इलाकों से दिखाई दे रहा था। एक अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग को बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। आग लगने पर निवासी सीढ़ियों के रास्ते इमारत से बाहर निकले। 

ये भी पढ़ें:- 48 साल का संघर्ष लाया रंग! 1978 संभल दंगे के पीड़ित रस्तोगी परिवार को Yogi सरकार ने दोबारा बसाया, मिला जमीन का पट्टा

पुलिस ने बताया कि पूरी इमारत खाली करा ली गई और आसपास के फ्लैटों में रहने वालों को भी एहतियात के तौर पर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्क रहने और राहत प्रयासों की निरंतर निगरानी करते रहने का निर्देश भी दिया है। अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में सेक्टर 52 की एक इमारत में भी तड़के आग लग गई, जिसके बाद बचाव और राहत कार्य शुरू किए गए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static