पत्नी के बाहर के खाने के शौक से बढ़ा विवाद, फिर गुस्साए पति ने उठाया चौका देने वाला कदम

punjabkesari.in Friday, Feb 07, 2025 - 03:02 PM (IST)

Agra News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके बारे में जानकर आप हैरान रह जाएंगे। जहां एक नवविवाहित जोड़े के बीच ऑनलाइन खाना मंगवाने को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला तलाक तक जा पहुंचा। पत्नी को बाहर का खाना पसंद था, जबकि पति रोज-रोज बाहर का खाना मंगवाने के बिल्कुल खिलाफ था। धीरे-धीरे यह विवाद झगड़े में बदल गया, और अंततः दोनों अलग हो गए।

जानिए, क्या है पूरा मामला?
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक,  2024 में शादी के बाद शुरुआती कुछ महीनों तक सब कुछ अच्छा रहा। लेकिन एक दिन पति ने पत्नी की पसंद का ऑनलाइन खाना मंगवाया, और उसके बाद पत्नी को इसका स्वाद लग गया। इसके बाद वह रोज बाहर का खाना मंगवाने की जिद करने लगी। पति इस बात से नाराज हो गया क्योंकि वह नहीं चाहता था कि रोज-रोज बाहर का खाना खाया जाए। पति ने पत्नी को समझाया कि बाहर का खाना सेहत के लिए ठीक नहीं है और घर का खाना ज्यादा बेहतर होता है, लेकिन पत्नी को यह बात पसंद नहीं आई और दोनों के बीच आए दिन विवाद होने लगा।

नवविवाहित जोड़े के बीच ऑनलाइन खाना मंगवाने को लेकर बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि जब यह विवाद बढ़ता गया, तो एक दिन बात इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद पत्नी गुस्से में अपने मायके चली गई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को परिवार परामर्श केंद्र में भेज दिया। परिवार परामर्श केंद्र में काउंसलिंग के दौरान पति ने बताया कि पहली बार जब उसने पत्नी की पसंद का खाना मंगवाया था, तो पत्नी को यह बहुत अच्छा लगा और उसने रोज खाना मंगवाने की जिद शुरू कर दी। जब पति ने मना किया, तो झगड़ा हुआ।

जानिए, क्या कहना है पत्नी का?
वहीं, दूसरी तरफ पत्नी ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं हुआ था। उसने कहा कि जब वह बीमार थी, तो उसने बाहर से खाना मंगवाने की बात की थी, लेकिन पति ने इस पर बहुत बड़ा विवाद खड़ा कर दिया। पत्नी दिसंबर से मायके में रह रही थी, क्योंकि उसे लगता था कि पति उसे समझ नहीं पा रहा था। वह चाहती थी कि पति उसकी पसंद का सम्मान करे, लेकिन लगातार झगड़े से परेशान होकर वह अलग हो गई।

काउंसलर ने दोनों को दिया समझौते का सुझाव
अब काउंसलिंग के दौरान काउंसलर ने दोनों को समझौते का सुझाव दिया। पत्नी को सलाह दी गई कि घर पर खाना बनाना ज्यादा अच्छा है, और पति से कहा गया कि वह कभी-कभी पत्नी की पसंद के अनुसार बाहर से खाना मंगवा सकता है। इसके बाद लंबी बातचीत के बाद दोनों ने एक-दूसरे को समझा और राजीनामा कर लिया। अब दोनों फिर से एक साथ रहेंगे और आपसी तालमेल से अपने रिश्ते को बेहतर बनाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static