मासूम भांजी से रेप - मर्डर करने वाला मामा एनकाउंटर में ढ़ेर, आरोपी पर घोषित था 50 हजार का इनाम
punjabkesari.in Monday, Apr 20, 2026 - 12:51 PM (IST)
गाजियाबाद: जिले के टीला मोड़ थाना क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और उसकी हत्या के मामले में वांछित 55 वर्षीय आरोपी को पुलिस ने रविवार देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी जीशान पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसने बताया कि पुलिस और अपराध शाखा के संयुक्त अभियान के दौरान उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।
टॉफी दिलाने के बहाने दुष्कर्म की घटना को दिया था अंजाम
पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि 11 अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे जीशान अपनी चार वर्षीय भांजी को टॉफी दिलाने के बहाने घर के बाहर से बहलाकर ले गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बच्ची को अपने कमरे पर ले जाकर उससे दुष्कर्म किया और बाद में गला घोटकर उसकी हत्या कर दी।
कार के नीचे शव फेंक कर आरोपी हुआ था फरार
वारदात के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को कंधे पर उठाकर शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की 80 फुट रोड पर एक कार के नीचे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। दो दिन पहले दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज में उसकी मौजूदगी सामने आई, जब वह दिल्ली से भागने की कोशिश कर रहा था। बाद में पुलिस को सूचना मिली कि वह लोनी के बंथला नहर के पास किसी से मिलने वाला है।
मुठभेड़ में आरोपी को लगी गोली
सूचना के आधार पर टीला मोड़ थाना पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की। संदिग्ध को रुकने का इशारा करने पर वह भागने लगा और खुद को घिरता देख पुलिस पर गोलियां चलाने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की, जिसमें वह घायल हो गया।
मुठभेड़ में दो कांस्टेबल घायल
मुठभेड़ में घायल हुए हेड कांस्टेबल अमित और इकबाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे खतरे से बाहर हैं। शालीमार गार्डन के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी जवाबी गोलीबारी में मारा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी कार्रवाई जारी है।

