अब अलग करने की नौबत नहीं आएगी, आकाश आनंद की वापसी पर बोलीं मायावती
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 05:49 PM (IST)
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनन्द को पार्टी में फिर से शामिल किये जाने के एक दिन बाद कहा कि उनको पूरा भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ (आकाश के ससुर) के राजनीति से संन्यास लेने के बाद अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होगी कि पार्टी को फिर से उन्हें (आकाश को) अलग करना पड़े। मायावती ने सोमवार को एक बार फिर अपना फैसला बदलते हुए अपने भतीजे आकाश आनन्द को पार्टी में वापस शामिल कर लिया और उन्हें बसपा का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया था। बसपा प्रमुख ने मंगलवार को अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में कहा,''आकाश आनंद को कल सोमवार को बसपा में फिर से शामिल करके पार्टी का पुनः राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।
पार्टी में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे आकाश
उन्होंने कहा कि आज अधिकांश मीडिया में इस बात को काफी बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हुए कहा गया है कि 'आकाश आनंद को चार बार पार्टी से निकालकर अब पुनः पार्टी में शामिल कर लिया गया है' और उनको फिर से पार्टी का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। मायावती ने कहा, ''इस संबंध में मैं यह अवगत कराना चाहती हूं कि आकाश आनंद शादी होने से पहले से ही पार्टी में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे, जिसकी वजह से उनको पार्टी से कभी नहीं निकाला गया।'' उन्होंने कहा,''लेकिन इनका रिश्ता अशोक सिद्धार्थ (आकाश के ससुर) से जुड़ा है। अशोक ने अपने खुद के स्वार्थ के लिए आकाश आनंद की छवि को काफी खराब करने का प्रयास किया है। जिसके कारण आनंद में सुधार लाने के खास उद्देश्य से उनको पार्टी से कई बार निकालना पड़ा और गलती का एहसास होने के बाद फिर उन्हें वापस पार्टी में शामिल भी करना पड़ा है।
ईशान आनंद को भी पार्टी में जिम्मेदारी
मायावती ने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद अब ऐसी कोई भी स्थिति पैदा नहीं होगी कि पार्टी को फिर से आकाश को अलग करना पड़े। उन्होंने कहा कि पूरी सच्चाई को उजागर करने के बाद मीडिया उनके पार्टी से कई बार निकाले जाने का जिक्र किया होता, तो यह बेहतर रहता। इससे पहले मायावती ने अपने 'अंतिम फैसले' और 'प्रतिज्ञा' के आठ दिन बाद 20 सितंबर को पारिवारिक मामलों को लेकर नया फैसला सुनाते हुए कहा था कि अब उनके छोटे भाई आनन्द कुमार के बेटे आकाश आनन्द और उनकी बेटी दीपिका आनंद को पार्टी में कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी, परिवार में से केवल ईशान आनंद को ही पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाया जाएगा।
आकाश बसपा के राष्ट्रीय संयोजक फिर किए गए नियुक्त
मायावती का यह फैसला 12 सितंबर को किए गए उनके उस ''पारिवारिक फैसले'' के आठ दिन बाद आया था जिसमें उन्होंने कहा था कि उनके छोटे भाई आनन्द कुमार के किसी भी बेटे (आकाश और ईशान) को पार्टी में छोटे या बड़े किसी भी पद पर रहते हुए राजनीति करने का मौका नहीं दिया जाएगा। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोमवार को एक बार फिर अपना फैसला बदलते हुए अपने भतीजे आकाश आनन्द को पार्टी में फिर से शामिल कर लिया और उन्हें बसपा का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया।

