आकाश आनंद की वापसी पर मायावती ने मीडिया को दी नसीहत, बोलीं- शादी से पहले नहीं हुआ था निष्कासन

punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 04:03 PM (IST)

Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद की पार्टी में वापसी को लेकर मीडिया में प्रकाशित खबरों पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि उनके बारे में तथ्यों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। मायावती ने मंगलवार को ‘एक्स' पर 7 बिंदुओं में अपनी बात रखते हुए कहा कि आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेने के साथ ही फिर से राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है और उन्हें पार्टी के काम में लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकांश मीडिया रिपोर्ट में यह बताया जा रहा है कि आकाश आनंद को 4 बार पार्टी से निकाला गया और अब उन्हें वापस लेकर फिर राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है जबकि इस मामले की वास्तविकता इससे अलग है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि आकाश आनंद शादी से पहले पार्टी में काफी सक्रिय भूमिका निभा रहे थे और उस समय उन्हें कभी पार्टी से नहीं निकाला गया। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ की पुत्री के साथ आकाश का रिश्ता होने के बाद उनके प्रभाव में आकर आकाश की छवि को नुकसान पहुंचाने के प्रयास किए गए।

ये भी पढ़ें:- 'आपने क्षमा किया, आपका आभारी हूं...' BSP में वापसी के बाद आकाश आनंद का पहला बयान- 'बुआ का भरोसा टूटने नहीं दूंगा'

मायावती के अनुसार, आकाश में सुधार लाने के उद्देश्य से उन्हें कई बार पार्टी से अलग करना पड़ा और गलती का एहसास होने पर उन्हें वापस भी लिया गया। उन्होंने कहा कि अशोक सिद्धार्थ के संन्यास लेने के बाद अब ऐसी स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए, जिसमें आकाश को फिर पार्टी से अलग करने की जरूरत पड़े। उन्होंने उम्मीद जताई कि आकाश आनंद अब राजनीति में आगे बढ़ेंगे और पार्टी को आगे उनसे किसी तरह की शिकायत का मौका नहीं मिलेगा। मायावती ने मीडिया से आग्रह किया कि आकाश के बारे में खबर प्रकाशित करते समय इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता को भी सामने रखा जाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anil Kapoor

Related News

static